पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • टूटी सड़कें और जल भराव की समस्या दूर हो

टूटी सड़कें और जल भराव की समस्या दूर हो

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर मंच

नवांशहर | नगरकौंसिल का महिला रिजर्व वार्ड नंबर चार का पिछली बार अधिकतर हिस्सा वार्ड नंबर 7 में था। पिछली बार भी यह वार्ड महिला रिजर्व था तथा यहां से कांग्रेस की गुरदेव कौर ने जीत हासिल की थी। इस वार्ड में कुलाम रोड, हरगोबिंद नगर, लाजपत नगर, मोहल्ला छोकरां आदि के हिस्से आते हैं। वार्ड में गांव बरनाला कुलाम की भी कुछ वोटें आती हैं। वार्ड का काफी हिस्सा नया-नया ही शहर में शामिल हुआ है, इसलिए इस वार्ड में गलियों, सीवरेज वाटर सप्लाई पर काफी काम होना बाकी है। वार्ड को शहर से जोडऩे वाली कुलाम रोड भी कई सालों के बाद ही बनी है, जबकि इस रोड पर जल भराव की समस्या भी काफी पुरानी है। वार्ड में 30 प्रतिशत दलित आबादी है। इस वार्ड से कांग्रेस और अकाली दल के उम्मीदवारों को सिर्फ खासी मेहनत करनी पड़ेगी, बल्कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पार्षद बनने के बाद भी काफी विकास करवाना पड़ेगा।

^कुलाम मार्ग पर हरगोबिंद नगर की गली नंबर एक में रहने वाले कुलदीप सिंह देवगन कहते हैं कि वे इस क्षेत्र में पिछले वर्षो से रह रहे हैं। क्षेत्र में मुख्य मार्ग को छोडक़र सीवरेज नहीं डाला गया है। ब्रांच गलियों को सीवरेज सिस्टम के साथ जोड़ा जाना चाहिए। इसके अलावा कुलाम मार्ग की मुख्य सडक़ का निर्माण होना चाहिए।

^वार्ड नंबर चार में रहने वाली शोभना कहती हैं कि इस क्षेत्र में पीने के पानी, सीवरेज की पाइपें डालने का काम, गलियों का निर्माण कार्य आज तक नहीं हुआ। इन मूलभूत सुविधाओं के बिना मोहल्ले में रहना मुश्किल है। क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें भी पिछले साल ही लगी हैं। क्षेत्र में अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाना चाहिए।

^बरनाला मार्ग पर स्थित वाहेगुरु नगर की विनय कुमारी कहती हैं कि वे 25 वर्षों जहां रह रही हैं। बरनाला गांव को जाती सड़क में तीन साल पहले सीवरेज की पाइपें डालने के बाद रिपेयर कर दुरुस्त नहीं किया गया है। सतलुज सिनेमा से लेकर बरनाला गांव तक कहीं भी स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था नहीं है। सफाई व्यवस्था का भी इंतजाम नहीं है।

^वार्ड के मोहल्ला हरगोबिंद नगर में रहने वाले डा. सहदेवन कहते हैं कि मोहल्ले में अधिकतर स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिन्हें ठीक करवाया जाना बहुत जरूरी है क्योंकि रात के समय लोग काफी मुश्किलों का सामना करते हैं। आपराधिक वारदातों और हदासों का खतरा बना रहता है। मोहल्ले की सड़क की रिपेयर भी जल्द होनी चाहिए।

^कुलाम रोड मार्ग पर स्थित मोहल्ला हरगोबिंद की गली नंबर 11/4 में रहने वाली कुलवीन कौर ने कहा कि क्षेत्र में वाटर सप्लाई की व्यवस्था, सीवरेज, पक्की गलियां स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करवाना चाहिए। बरसात के दिनों में जल भराव भी क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या है। मोहल्ले की टूटी सड़कों के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

^ वार्ड नंबर चार के मोहल्ला हरगोबिंद नगर में रहने वाले डा. केआर सोढी कहते हैं कि वे इस क्षेत्र में पिछले 12 साल से रह रहे हैं लेकिन विकास कार्य काफी धीमी गति से हुए हैं। मोहल्ले में पानी की निकासी का पुख्ता इंतजाम होना चाहिए, सीवरेज ब्लाकेज की समस्या और बरसाती पानी की निकासी का हल जल्द करवाना चाहिए।

बाशिंदों की आवाज

वार्ड की बात

^अकाली उम्मीदवार जगीर कौर कहती हैं कि नगर कौंसिल में कांग्रेस का कब्जा था और इलाके से भी पूर्व में कांग्रेसी पार्षद ही थीं। अगर उन्होंने विकास करवाया होता तो वे अपना वार्ड बदलकर जातीं। उन्होंने कहा कि पांच सालों के दौरान वार्ड में कुछ भी विकास नहीं हुआ। वार्ड में जो भी काम हुए हैं वे पिछले डेढ़ साल के दौरान अकाली-भाजपा शासन के दौरान ही हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे जीतीं तो वार्ड के लोगों की समस्याएं दूर कर देंगी और किसी को शिकायत का मौका नहीं देंगी।

^कांग्रेसी उम्मीदवार संतोष रानी कहती हैं कि वार्ड में काफी विकास हुआ है लेकिन कुछ इलाका अभी भी विकास से वंचित है। उनकी प्राथमिकता होगी कि वे वार्ड की रह गई गलियों को जल्द बनवाएं और जिस क्षेत्र में सीवरेज की जरूरत है उसमें सीवरेज का काम भी तेजी के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर वे जीतीं तो वार्ड की नुहार बदल देंगी और वार्ड की सीवरेज, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट आदि की समस्याएं भी खत्म कर दी जाएंगी।