- Hindi News
- जंगलात कर्मियों को नहीं मिला वेतन, धरना जारी
जंगलात कर्मियों को नहीं मिला वेतन, धरना जारी
नवांशहर | वनविभाग के डेलीवेज कर्मचारियों ने शनिवार को भी अपना धरना जारी रखा। ये कर्मचारी पांच महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि वन मंत्री के आश्वासन के बावजूद शुक्रवार को राशि उनके दफ्तर के खाते में आई, जिसके कारण वह धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सोमवार तक उन्हें वेतन मिला तो वह अपना संघर्ष और तेज कर देंगे।
करियाम रोड स्थित वन रेंज दफ्तर के आगे धरने पर बैठे वन कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनियन नेता अमरीक सिंह ने कहा कि विभाग में तैनात दिहाड़ीदार कर्मचारियों को पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके लिए अपने बच्चों का पेट पालना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी मंत्री जी ने सिर्फ आश्वासन ही दिया था तथा उस पर भी अभी तक अमल नहीं हुआ। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अगर सरकार ने इस सप्ताह अपने वायदे के अनुसार उन्हें वेतन जारी किया, तो संघर्ष और तीखा किया जाएगा। जंगलात महकमे के कर्मचारी सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ अंदोलन शुरू करेंगे। मौके पर सतनाम सिंह, गुरदेव कौर देवराज, कश्मीर सिंह, राज, राम प्यारी आदि उपस्थित थीं।