- Hindi News
- टूटी गलियों को लेकर विकास नगर के लोगों ने की नारेबाजी
टूटी गलियों को लेकर विकास नगर के लोगों ने की नारेबाजी
विकासनगरवेलफेयर एंड डिवेलपमेंट सोसायटी ने विकास नगर की कच्ची और टूटी गलियों की मरम्मत करवाने नई बनवाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने और अन्य मांगों को लेकर डीसी आनंदिता मित्रा और नगर कौंसिल के ईओ गुरबख्शीश सिंह को ज्ञापन सौंपा।
सोसायटी अध्यक्ष रमनजीत कौर की अध्यक्षता में यहां एमसी दफ्तर पहुंचे विकास नगर के वसनीकों ने मांगों के संबंध में नारेबाजी भी की। अध्यक्ष रमनजीत कौर और महासचिव सवतंत्र कुमार ने बताया कि सलोह रोड पर स्थित कृष्णा टावर के पास से विकास नगर को जाने वाली अधिकतर गलियां कच्ची हैं। यहां बरसातों के दिनों में तो लोगों का आना जाना भी मुश्किल हो जाता है। इसके साथ-साथ साल 2011-12 में नगर कौंसिल की ओर से विकास नगर में सीवरेज लाइने बिछाई गई थीं। सीवरेज लाइने बिछाने के बाद एमसी की ओर से मिट्टी डाल कर गड्ढे भर दिए गए थे। जिसके बाद कुछ गलियां बनीं मगर कुछ गलियों का काम अधर में ही लटक रहा है।
यही नहीं कालोनी को बसे करीब 28-30 साल बीत चुके हैं मगर यहां कई क्षेत्र एसे भी हैं जहां कच्ची गलियां है, जबकि लोग बाकायदा नगर कौंसिल से नक्शा पास करवाते हैं और अन्य फंड एमसी दफ्तर में जमा करवा रहे हैं। मगर इसके बावजूद विकास नगर के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
नेताओं ने कहा कि मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट की मेंटीनेंस सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल है। इसलिए सोसायटी की मांग है कि विकास नगर में कच्ची गलियों को पक्का बनवाया जाए, टूटी गलियों नालियों की मरम्मत करवाई जाए, स्ट्रीट लाइटों की मेंटीनेंस की तरफ ध्यान दिया जाए विकास नगर से निरंतर कूड़ा उठाने को नियमित यकीनी बनाया जाए। इस मौके पर विकास नगर निवासी सोसायटी के पदाधिकारी सदस्य जिनमें प्रिंसीपल अशोक कुमार, हरभजन सिंह सैनी, गुरचरन सिंह, हरभजन सिंह भावड़ा, ठेकेदार सुरिंदर सिंह, चमन लाल, हितेष सहगल, अवतार सिंह, सुरेश चंदर, विकास शर्मा, सरबजीत सिंह, केवल राम, हरमेश सिंह, वरिंदर जीत सिंह, जसवंत सिंह भट्टी और अन्य उपस्थित थे।
डीसी आनंदिता मित्रा को ज्ञापन सौंपते विकास नगर वेलफेयर एंड डिवेलपमेंट सोसायटी के पदाधिकारी।
नवांशहर के नगर कौंसिल ऑफिस में मांगों को लेकर नारेबाजी करते विकास नगर वेलफेयर एंड डिवेलपमेंट सोसायटी के लोग।