- Hindi News
- बंगा में होंगे पांच एससी एक बीसी रिजर्व वार्ड
बंगा में होंगे पांच एससी एक बीसी रिजर्व वार्ड
भास्कर न्यूज | नवांशहर/बंगा
नगरकौंसिल बंगा के चुनावों के लिए निकाय विभाग की ओर से वार्ड रिजर्वेशन शुरूआती नक्शा तैयार कर लिया गया है। इस सप्ताह वार्डबंदी का तैयार किया गया नक्शा नगर कौंसिल के पास पहुंचने की संभावना है। शहर के 15 वार्डों में से पांच एससी एक बीसी रिजर्व किया गया है, जबकि नौ वार्ड जनरल होंगे। कुल पांच महिला रिजर्व वार्ड होंगे, जिनमें से तीन जनरल वार्ड महिलाओं के लिए रिजर्व होंगे, जबकि दो एससी वार्ड महिलाओं के लिए रिजर्व होंगे। गौरतलब है कि बंगा नगर कौंसिल के वार्डबंदी बोर्ड की पहली बैठक 10 सितंबर को जालंधर में हुई थी।
इस बैठक के दौरान शहर की वार्डबंदी के लिए बनाए गए प्रस्तावित नक्शे को सभी मेंबरों को दिखाया गया तथा उन्हें वार्डों के प्रस्तावित प्रारूप की जानकारी भी दी गई। बंगा में 15 वार्ड बनने के बाद नए सिरे से वार्डबंदी हो रही है। बंगा में प्रत्येक वार्ड में आबादी लगभग 1200 से 1450 के बीच होगी। ईओ अवतार सिंह ने बताया कि वार्डबंदी का नक्शा निकाय विभाग के सेके्रटरी के हस्ताक्षर होने के बाद इस सप्ताह कौंसिल दफ्तर में लोगों के दावे एतराज प्राप्त करने के लिए रखा जाएगा।
ऐसी होगी बंगा में वार्ड रिजर्वेशन
नगरकौंसिल बंगा के ईओ अवतार सिंह ने बताया कि कुल 15 वार्डों में से वार्ड नंबर एक, चार, सात, दस तेरह नंबर वार्ड महिलाओं के लिए रिजर्व होंगे। वार्ड नंबर 12 बीसी रिजर्व प्रस्तावित है, जबकि वार्ड नंबर एक, छह, सात, ग्यारह पंद्रह नंबर एससी रिजर्व होने प्रस्तावित हैं। वार्ड एक और सात पर एससी महिलाएं ही चुनाव लड़ सकेंगी। इसी तरह से वार्ड नंबर दो, तीन, पांच, आठ, नौ चौदह नंबर वार्ड जनरल होंगे।