जायदाद नुकसान रोकू बिल के खिलाफ बैठक
नवांशहर | स्त्रीजाग्रति मंच की प्रदेशाध्यक्ष बीबी गुरबख्श कौर संघा ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से बनाया गया सरकारी निजी जायदाद नुकसान रोकू बिल पूरी तरह से लोकतंत्र विरोधी है तथा इसके खिलाफ 20 सितंबर को नवांशहर तथा 30 सितंबर को जालंधर में होने वाले रोष प्रदर्शनों में मंच सदस्य भी बढ़चढ़ कर भाग लेंगी। वह इस मामले को लेकर हुई मंच की बैठक के उपरांत पत्रकारों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सरकार इस बिल के जरिए लोगों को संगठित होकर संघर्ष करने से रोकना चाहती है, जबकि संगठित होना संघर्ष करना हमारा लोकतांत्रिक हक है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने इस बिल को पास करवाकर साबित कर दिया है, कि वह जनता का सामना नहीं करना चाहती तथा उसे अपने खिलाफ लोगों के उठ खडऩे का डर सताने लगा है। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को जालंधर में होने वाले दोआबा स्तर के प्रदर्शन से पंजाब सरकार की नींव हिल जाएगी। मौके पर मंच की जिला प्रधान बलवीर कौर, सुदेश शर्मा, जसवीन कौर, हरबंस कौर, रुपिंदर पाल कौर, जसबीर दीप इत्यादि उपस्थित थे।