इंजीनियर दीप्ति 36 घंटे बाद घर पहुंची
भास्कर न्यूज |गाजियाबाद/मेरठ
ऑनलाइनई-शॉपिंग वेबसाइट स्नैपडील में काम करने वाली आईटी इंजीनियर दीप्ति सुरक्षित घर पहुंच गई है। उसने बताया कि बदमाशों ने उसे किडनैप किया था। हालांकि पुलिस को दीप्ति की किडनैपिंग की कहानी पर यकीन नहीं है। गायब होने के करीब 36 घंटे बाद शुक्रवार सुबह आठ बजे दीप्ति ने अपने भाई को फोन कर कहा कि वह पानीपत में है और बिल्कुल ठीक है। वह दिल्ली पहुंच रही है। सभी उसे रिसीव करने दिल्ली जाएं। दीप्ति के पिता ने मीडिया को बताया कि बदमाश उनकी बेटी को चाकू दिखाकर और आंखों पर पट्टी बांधकर ले गए थे। इसके बाद दिल्ली के नरेला स्टेशन पर छोड़ दिया था। घटना के बाद पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की थी। दीप्ति की वापसी के बाद गाजियाबाद के एसएसपी धर्मेंद्र सिंह करीब 12 बजे उसके घर उससे मिलने पहुंचे। उन्होंने मीडिया को बताया कि दीप्ति का सकुशल लौटना बड़ी बात है। उसे किसी भी तरह का नशीला पदार्थ नहीं खिलाया गया। ही उसके शरीर पर किसी चोट के निशान हैं। दीप्ति (24) गाजियाबाद के कविनगर सी. ब्लॉक में रहने वाले कारोबारी नरेंद्र सरना की बेटी है। उसका ऑफिस गुड़गांव में है।