- Hindi News
- लूट मामले में दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
लूट मामले में दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
गनप्वाइंटपर फगवाड़ा के हरगोबिंद नगर स्थित श्री राधे डायमंड में हुई 25 लाख की लूट के मामले को ट्रेस करने के लिए दिन-ब-दिन पुलिस पर दबाव बढ़ता जा रहा है। देर शाम 7 बजे के करीब हुई इस वारदात ने जहां सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं वहीं दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ ऐसा नहीं लग पाया लग रहा जिसके बूते पुलिस आरोपियों तक पहुंच सके। हालांकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों को ढूंढने में लगी हुई है लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से कोई भी ऐसी जानकारी नहीं दी गई है। इससे लग सके कि लुटेरे पुलिस की गिरफ्त से कितने दूर हैं।
उधर, शहर के सबसे भीड़ भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात को जल्द से जल्द ट्रेस करना पुलिस के लिए चुनौती है। शायद यही कारण है कि इस सारे मामले को आईजी लोकनाथ आंगरा खुद डील कर रहे हैं। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का नेतृत्व डीआईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह कर रहे हैं।
इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) जोनल लोकनाथ आंगरा ने रविवार को बताया कि इस मामले में गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम में बहुत ही काबिल अफसरों को इस केस की जिम्मेदारी दी गई है और सारे मामले में प्रोग्रेस हो रही है। चूंकि मामला बहुत बड़ा और संजीदा है इसलिए सारा एक्शन पूरी तरह से गोपनीय रखा जा रहा है ताकि आरोपियों को किसी भी तरह का कोई फायदा ना मिले और पुलिस जल्द से जल्द मामले को ट्रेस कर सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले के लिए गठित एसआईटी द्वारा मीडिया को सारे मामले की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी कि पुलिस की जांच किस दिशा में और कहां तक पहुंची है।
गौर हो कि शहर के सबसे पॉश इलाके हरगोबिंद नगर में शुक्रवार रात को एक सफेद रंग की एक्सेंट कार में आए चार हथियारबंद लुटेरों ने गन प्वायंट पर श्री राधे डायमंड शॉप पर से 25 लाख के गहने लूट लिए। वारदात को अंजाम देते वक्त लुटेरे दुकान में लगे सभी कैमरे उखाड़ गए और दुकान में लगी सारी ज्वैलरी जिसमें 7 सोने के बड़े सेट, 7 टॉपस सेट, 7 अंगूठियां, एक लेपटॉप, 2 मोबाइल फोन कार की चाबी लेकर फरार हो गए थे।
शुक्रवार शाम लुटेरे 25 लाख की ज्वैलरी लूट ले गए थे।