राजपुरा। बिजली बोर्ड के पास श्मशानघाटसेसोमवार सुबह एक महिला की अस्थियां गायब हो गईं। उसके बाद वहां पर उसके परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। तलाश के बाद अस्थियां पीछे कूड़े से मिली। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि वहां पर दो लोगों की अस्थियां हो सकती हैं।
तीन दिन पहले राजपुरा टाउन की रहने वाली साठ साल की चंद्रकला जॉली का निधन हो गया। सोमवार सुबह करीब 7 बजे फूल चुगने की रस्म पूरी करने के लिए परिवार वाले पहुंचे। उनके होश उस समय फाख्ता हो गए जब महिला की अस्थियां कुंड से गायब थीं। उन्होंने चौकीदार से पूछा, पर सही जवाब नहीं मिला। सफाई सेवक ने बताया कि मैनेजमेंट के कहने पर सफाई के लिए अस्थियाें को उठाकर बाहर फेंक दिया था। इतना सुनकर परिवार वाले गुस्से में गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची।
स्वर्गधाम कमेटी मैनेजमेंट भी जब सही जवाब नहीं दे पाया उसके बाद दोनों पक्षों में बहस हुई। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि अस्थियां एक नहीं बल्कि दो लोगों की हो सकती हैं। मृतका के भाई
सुशील कुमार तुलसेजा ने बताया कि अस्थियाें को बाद में इकट्ठा कर रस्म अदा की गई।
क्या बोले जिम्मेदार : स्वर्गधाम कमेटी प्रधान विशन दास ने बताया कि गलत-फहमी से मामला सामने आया है। कस्तूरबा पुलिस चौकी इंचार्ज यशपाल ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
(श्मशानघाट के बाहर कूड़े के ढेर पड़ी अस्थियों को देखते महिला के रिश्तेदार।)