रोपड़ ने दी सेंट सोल्जर स्कूल को शिकस्त
रोपड़ ने दी सेंट सोल्जर स्कूल को शिकस्त
भास्करन्यूज | चंडीगढ़
मोहाली क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित पहले रॉयल बफे अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में रोपड़ ने शानदार जीत दर्ज की है। गुरु नानक पब्लिक स्कूल-36 में खेले गए मैच में उन्होंने सेंट सोल्जर स्कूल पंचकूला को 15 रन से हरा दिया। मैच में रोपड़ ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने 37 ओवरों में 9 विकेट पर 167 रन बनाए। टीम के लिए श्रेय मेहता ने 58 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली जबकि हरमनप्रीत ने 22 रन का योगदान दिया। सेंट सोल्जर स्कूल के लिए शुभम ने चार बल्लेबाजों को चलता किया जबकि क्षितिज ने दो विकेट झटके।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सेंट सोल्जर स्कूल की टीम की शुरुआत भी खराब रही और वे 37 ओवरों में 8 विकेट पर 152 रन ही बना सके। टीम के लिए शुभम ने 29 रन बनाए जबकि रोहित ने 23 रन का योगदान दिया। रोपड़ क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से लक्की और हरमनप्रीत ने 2-2 बल्लेबाजों को चलता किया।