- Hindi News
- भारत बुलंद हौसलों के साथ करेगा बेल्जियम का सामना
भारत बुलंद हौसलों के साथ करेगा बेल्जियम का सामना
भुवनेश्वर| 18साल बाद वर्ल्ड नंबर 2 नीदरलैंड्स के खिलाफ मिली जीत के बाद अब भारतीय हॉकी टीम बुलंद हौसलों के साथ बेल्जियम का सामना करेगी। दोनों टीमों के बीच क्वार्टर फाइनल मैच गुरुवार को शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। इसी दिन तीन आैर क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे। ये मैच इंग्लैंड-जर्मनी,नीदरलैंड्स-पाकिस्तान आैर ऑस्ट्रेलिया-अर्जेन्टीना के बीच होंगे।
एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता भारत ने टूर्नामेंट में शुरुआती दो झटकों से उबरते हुए नीदरलैंड्स के खिलाफ मंगलवार रात 3-2 की जबर्दस्त जीत दर्ज की। किसी को उम्मीद नहीं थी कि भारत लंदन आेलिंपिक आैर विश्वकप रजत विजेता नीदरलैंड्स को हरा पाएगा लेकिन कप्तान सरदार सिंह के धुरंधरों ने कलिंगा स्टेडियम में यह चमत्कार कर दिखाया।
भारत अपने पहले मैच में जर्मनी से 0-1 से और अर्जेंटीना से 2-4 से हार गया था। लगातार दो पराजयों के बाद भारतीय टीम को हर कोई खारिज करार दे रहा था लेकिन भारतीय टीम ने शानदार वापसी की और नीदरलैंड्स के खिलाफ एक समय तक 3-1 की मजबूत बढ़त बना ली थी। भारत अपने पूल- बी में तीसरे स्थान पर रहा और अब नॉकआउट क्वार्टरफाइनल में उसके सामने पूल-ए की दूसरे नंबर की टीम बेल्जियम की चुनौती होगी। इस टूर्नामेंट का प्रारूप ऐसा है कि दोनों ग्रुप की कुल आठों टीमों को ग्रुप मैचों की समाप्ति के बाद नॉकआउट क्वार्टर फाइनल में खेलना है।