रात भर भक्ति रस में डूबे रहे श्रोता
लुधियाना | नामधारीसंप्रदाय के सतगुरु राम सिंह जी के 200वें प्रकाश उत्सव को समर्पित समागम के दूसरे दिन शनिवार को शास्त्रीय संगीत सम्मेलन गुरु नानक देव भवन में कराया गया। कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि सुनने वाले देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। यह भव्य सम्मेलन नामधारी संप्रदाय के मौजूदा सतगुरु उदय सिंह जी की हजूरी में आयोजित किया गया। पदमश्री कवि डॉ. सुरजीत पातर जैसी शख्सीयतें श्रोताआें में शामिल रहीं।
शुरुआत दरबार भैणी साहिब से आए रागी बलवंत सिंह ने की। तबले पर सुखविंदर सिंह, हरप्रीत सिंह ने साथ दिया। बोल थे, जगत जननी जगदंबे भवानी। इसके अलावा राग हमीर में गुंद गुंद कलियां पाउं प्रीतम के गल हार गाकर माहौल रुहानी बना दिया। मुंबई से आए बॉलीवुड के मशहूर ड्रमर तिरलोक सुरतू ने शास्त्रीय और पश्चिमी संगीत का फ्यूजन पेश कर संगत को हैरान कर दिया। संगीत सम्मेलन में भाजपा प्रदेश प्रधान कमल शर्मा भी मौजूद थे।