तार बदलने के काम से लाेग परेशान
भास्कर न्यूज| सुनाम (संगरूर)
शहरमें बिजली सप्लाई के प्रबंध बेहतर बनाने के लिए पॉवरकाम द्वारा ठेके पर बिजली की पुरानी तारें बदलकर नई तारें डालने का काम करवाया जा रहा है। संबंधित इलाकों में पहुंचकर ठेकेदार पूरे क्षेत्र में आने जाने के रास्ते बंद कर देते हैं, जिससे लोग पैदल भी नहीं जा पा रहे हैं। मंगलवार को यहां की इंदिरा बस्ती में सरकारी प्राइमरी स्कूल के सामने वाली सड़क को ठेकेदारों ने ट्रैक्टर ट्राली लगाकर पूरी तरह से बंद कर दिया।
लोगों की इसकी सूचना मिलते ही मीडिया के लोग वहां पहुंचे और तारें बदल रहे कर्मचारियों से बात की। जब वे रास्ते नहीं खोलने पर अड़े रहे तो फोन पर एक्सईएन शहरी तरसेम जिंदल ने बात की गई। उन्होंने तुरंत काम कर रहे कर्मचारियों को रास्ता खोलने संबंधी कहा। एक्सईएन ने कहा कि रास्ता बंद करने का अधिकार किसी को भी नहीं है। दूसरी तरफ भाजपा के मंडल अध्यक्ष राजीव गर्ग ने कहा कि ऐसी मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरटीआई कार्यकर्ता जतिंदर जैन ने कहा कि विभाग के उच्चाधिकारियों से पूछा जाएगा कि आखिर लोगों के लिए परेशानी पैदा करने का साहस ठेकेदार कैसे कर रहे हैं। उधर, भाकियू एकता उगराहां के जिला नेता दरबारा सिंह छाजला ने कहा कि सरकार की निजीकरण की नीतियों के कारण ही ऐसी समस्याएं पैदा हो रही हैं।
सुनाम में सरकारी प्राइमरी स्कूल के सामने ट्राली लगाकर रोकी गई मुख्य सडक़।