- Hindi News
- बस स्टैंड रोड की दयनीय हालत पर दुकानदारों ने जताया रोष
बस स्टैंड रोड की दयनीय हालत पर दुकानदारों ने जताया रोष
भास्कर न्यूज | सुनाम (संगरूर)
बसस्टैंड रोड की दयनीय हालत से गुस्साए दुकानदारों ने मंगलवार को बस स्टैंड रेलवे रोड धरना देकर यातायात ठप कर दिया। दुकानदारों ने राज्य सरकार का पुतला फूंककर नारेबाजी की। इस दौरान यातायात ठप होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। दुकानदार हैप्पी कौशल, भूषण कुमार, प्रेम कुमार ने बताया कि बस स्टैंड रोड की पिछले लंबे समय से दयनीय हालत बनी हुई है। कई बार संघर्ष करने के बावजूद रोड की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। नगर काउंसिल अधिकारी कई बार उन्हें आश्वासन दे चुके हैं परंतु समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
सुरेश कुमार, जीवन कुमार ने कहा कि बरसात के दिनों में दुकानों के सामने गंदा पानी जमा हो जाता है। जिस कारण कोई भी ग्राहक दुकानों में नहीं आता है। इसी वजह से कई बार दुकानदार पूरा ही दिन खाली बैठे रहते हैं। साथ ही जगह-जगह से सड़क टूटी होने के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं वाहनों के चलने से कई बार पत्थर दुकानों में भी गिरते हैं। उन्होंने धमकी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान हुआ तो सभी दुकानदार अपना कार्य ठप करके सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर बिट्टू तलवाड़, सर्बजीत, इंद्र तलवाड़ आदि उपस्थित थे।
सुनाम में बस स्टैंड रेलवे रोड के दुकानदार धरना देकर नारेबाजी करते हुए।