- Hindi News
- कर्तव्यों पर ध्यान देने से ही होगा हमारा कल्याण: साध्वी
कर्तव्यों पर ध्यान देने से ही होगा हमारा कल्याण: साध्वी
जैनस्थानक में धर्म सभा को संबोधित करते हुए साध्वी कर्णिका महाराज ने फरमाया कि हमें अपने कर्तव्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए क्योंकि यह मानव का चोला बार-बार नहीं मिलता। जैन स्थानक में चल रही चातुर्मास कथा 11 जुलाई से शुरू हुई है जोकि 2 नवंबर तक चलेगी। इस बार साध्वीयों ने संगरूर को चातुर्मास के लिए चुना है। उन्होंने समझाया कि एक बार एक राजा ने सडक़ के बीचो बीच पत्थर रखवा दिया और आदेश दिया कि जो मनुष्य इस पत्थर को हटाएगा उसे मेरे पास लेकर आना। उस पत्थर से सभी को ठोकरें लग रही हैं फिर भी राजा के डर से कोई उसे साइड पर नहीं कर रहा था। एक व्यक्ति उधर से जा रहा था उसने सड़क के बीच पड़े पत्थर को साइड पर करना चाहा लेकिन राजा के द्वारपालों ने उसे गिरफ्तार कर लिया और राजा के समक्ष पेश किया गया। राजा ने सभी से पूछा कि इसे सजा दी जाए या नहीं तो सभी ने सजा देने के लिए कहा। राजा ने कहा कि मैं इसे अपना मंत्री नियुक्त करता हूं। राजा ने कहा कि मैं बहुत देर से ऐसे मंत्री की तलाश में था जो बिना किसी डर के अपने कर्तव्य की पालना करे। कहने का भाव यह है कि अगर रास्ते में कांटे, केले के छिलके या कोई ऐसी वस्तु पड़ी हो जो रास्ते में विघ्न डाल रही हो तो हमें उस चीज को वहां से हटाकर अपने कर्तव्य का पालना करना चाहिए ताकि किसी को कोई नुकसान पहुंचे। साध्वी जी ने कहा कि हमें अपने कर्तव्य का पालन कर समाज धर्म की सेवा में योगदान डालकर सहयोग देना चाहिए।