पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खाद की किल्लत को लेकर किसानों में रोष

खाद की किल्लत को लेकर किसानों में रोष

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज|सुनाम (संगरूर)

यूरियाखाद की किल्लत को लेकर किसानों में हाहाकार मच गया है। यूरिया की किल्लत से जहां गेहूं की ग्रोथ थमने लगी है वहीं निजी व्यापारी यूरिया देने की आड़ में किसानों का जमकर आर्थिक शोषण कर रहे हैं। इस ज्वलंत मुद्दे की गूंज वीरवार को राज्यसभा में भी सुनाई देने के बाद शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की हुई जिला स्तरीय बैठक में भी यह मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया गया। जबकि दो दिन पहले कुल हिंद किसान सभा ने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करके यूरिया की सप्लाई दुरूस्त करने की मांग की थी।

शुक्रवार को हुई भाकियू की बैठक में किसानों ने आरोप लगाया कि सहकारी सभाओं में अभी तक 20 फीसदी यूरिया की सप्लाई भी नहीं हुई है। बैठक में किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि केंद्र राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों को तबाही के कगार पर धकेला जा रहा है। दूसरी तरफ राज्यसभा सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा ने भास्कर से बातचीत में कहा कि वीरवार को उन्होंने राज्यसभा में यह मुद्दा उठाकर केंद्र सरकार से मांग की है कि यूरिया की किल्लत को तुरंत दूर किया जाए। शून्यकाल में उन्होंने सरकार से सवाल किया था कि केंद्र सरकार देश के सभी राज्यों से खादों की खपत संबंधी आंकड़े मांगती है और पंजाब ने पौने सात लाख टन यूरिया की मांग की थी।