यूरिया नहीं मिलने पर जताया रोष
भारतीयकिसान यूनियन एकता डकौंदा की अगुवाई में किसानों ने वीरवार को अपनी मांगों को लेकर डीसी कार्यालय के सामने धरना देकर यातायात ठप कर दिया। किसानों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके अपनी भड़ास निकाली। किसान मांग कर रहे थे कि आवारा पशुओं की समस्या का हल निकाला जाए और यूरिया की कमी को दूर किया जाए।
धरने को संबोधित करते हुए यूनियन नेता कर्म सिंह बलियाल सुखदेव सिंह बालद कलां ने कहा कि गांवों की खेतीबाड़ी सोसायटियों में यूरिया खाद नहीं पहुंच रही है। यूरिया की कमी के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि गेहूं की फसल के लिए यूरिया खाद की बेहद जरूरत है। उन्होंने कहा कि पहले धान की फसल की अदायगी समय पर होने के कारण किसानों को भारी आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ा है और अब यूरिया खाद की कमी के कारण गेहूं की फसल का नुकसान हो रहा है। यदि समय पर यूरिया खाद डाली गई तो गेहूं की फसल की पैदावार गिर सकती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा इसलिए सरकार को तुरंत यूरिया खाद की कमी को दूर करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांवों शहरों में घूम रहे आवारा पशु किसानों की फसलों, सब्जियों हरे चारे का नुकसान कर रहे हैं। यह आवारा पशु सड़क हादसों का कारण भी बन रहे हैं इसलिए सरकार इन आवारा पशुओं की समस्या का तुरंत हल निकाले। यूनियन के एक वफद द्वारा मांगों को लेकर एक ज्ञापन भी सीएम के नाम डीसी को सौंपा गया।
धरने को नछतर सिंह झनेड़ी, सुखदेव सिंह घराचों, बलदेव सिंह बटडियाणा, हरबंस सिंह भवानीगढ़, हाकम सिंह नदामपुर, जोरा सिंह बालद कलां, माघ सिंह खेड़ी गिलां, अच्छरा सिंह, गुरदेव सिंह, गुरजंट सिंह, छज्जू सिंह, जरनैल सिंह, बलदेव सिंह आदि ने भी संबोधित किया।
डीसी कार्यालय के सामने धरने के दौरान नारेबाजी करते हुए किसान।