- Hindi News
- गले में सब्जियां लटका हाईवे पर उतरी कांग्रेस
गले में सब्जियां लटका हाईवे पर उतरी कांग्रेस
महंगाईपर काबू पाने में विफल रहने पर शनिवार को केन्द्र सरकार के खिलाफ यूथ कांग्रेस के सदस्य गले में सब्जियां लटकाकर नेशनल हाईवे पर उतर आए।
इस दौरान यूकां सदस्यों ने पीएम नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध नारेबाजी की। युवा कांग्रेसियों ने पीएम मोदी पर आमजनों से वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।
युवा कांग्रेस की महासचिव पूनम कांगड़ा ने कहा है कि भाजपा ने देश के लोगों को सुहावने सपने दिखाकर देश की सत्ता को हासिल किया है परंतु जब से भाजपा ने नरेन्द्र मोदी के अगुवाई में देश की बागडोर संभाली है उस समय से महंगाई रुकने का नाम नहीं रही है। कांग्रेस के देश की सत्ता से हटने पर देश की अर्थ व्यवस्था को भारी झटका लगा है। देश में इमरजेंसी जैसे हालात बन रहे हैं। महंगाई से आम आदमी की कमर टूट रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे हालात में पीएम मोदी विदेशों का दौरा करने में व्यस्त हैं। भाजपा ने अपने सभी वादों को दरकिनार कर दिया है। देश में काला धन वापस लाने में भी केन्द्र सरकार विफल रही है। देश की जनता से सौ दिन रोजगार का किया गया वादा भी पूरा नहीं हुआ है। लोगों के अच्छे दिनों का इंतजार समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि लोक विरोधी नीतियों का डटकर विरोध जारी रहेगा।
इस मौके पर दर्शन कांगड़ा, लखमीर सिंह सेखों, गुरमीत सिंह फतेहगढ़, सुखवीर सिंह सेखों, गुरमीत सिंह , शक्तिजीत सिंह , कृष्ण जोशी, जसविंदर कौर, अमित कुमार, रजिंदर गिल आदि उपस्थित थे।
30 रुपए किलो से अधिक हुआ आलू
बीबीकांगड़ा ने कहा है कि मौजूदा समय में महंगाई के हालात ऐसे हैं कि आम आदमी भी अपनी रोजाना की कमाई से सब्जी खरीदकर पूरा दिन अपने परिवार को रोटी नहीं खिला सकता है। 2 रुपय किलो तक मिलने वाला आलू 30 रुपए किलो से भी अधिक मिल रहा है।
संगरूर में शनिवार को गले में सब्जियां लटका कर युवा कांग्रेस के सदस्यों ने नेशनल हाईवे पर महंगाई के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया।