एंटीबायोटिक पर जागरुकता मुहिम आज से
संगरूर|इंडियन मेडिकल एसोसिएशन इंडियन अकादमी ऑफ पीडीऐट्रिक्स द्वारा संयुक्त तौर पर संगरूर में एक बैठक की गई। जिसमें एंटीबायोटिक के अंधाधुंध इस्तेमाल के कुप्रभावों पर विचार-विमर्श किया गया। आईएमए के प्रधान डा. मक्खन सिंह ने बताया कि लोगों को एंटीबायोटिक का बेवजह इस्तेमाल करने संबंधी जागरूक करने के लिए 28 सितंबर से लेकर 5 अक्टूबर तक मुहिम चलाई जाएगी। आईएमए पंजाब के संयुक्त सचिव डा. अमनदीप अग्रवाल ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं के बेवजह इस्तेमाल के कारण टीबी जैसी बीमारियों के कई कीटाणुओं पर भी एंटीबायोटिक असरदार साबित नहीं हो रहे हैं। ऐसे में इन दवाओं के बेवजह इस्तेमाल पर रोक लगाने की जरूरत है। आईएपी के सीनियर सदस्य डा. विजय कुमार आहूजा ने कहा कि डॉक्टर की सलाह के बिना या झोला छाप डॉक्टरों के कहने पर एंटीबायोटिक नहीं लेनी चाहिए। आईएमए संगरूर के महा सचिव डा. परमजीत सिंह ने कहा कि जल्दी ठीक होने के लिए डॉक्टर पर स्ट्रांग एंटीबायोटिक देने का कभी भी जोर नहीं डालना चाहिए।