कैप्टन के बाप-दादा ने क्रांति को कुचलने के लिए दिया था अंग्रेजों का साथ
कैप्टनअमरिंदर सिंह की ओर से आम आदमी पार्टी की ओर से लगाए जा रहे इंकलाब जिंदाबाद के नारे को देश विरोधी कहे जाने पर संगरूर के सांसद भगवंत मान ने आरोपों की बौछार कर दी है। बुधवार को अपने फेसबुक पर डाली रिकॉर्डिंग में भगवंत मान ने कहा है कि जिस समय शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव सिंह जैसे हजारों योद्धा इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे उस समय कैप्टन के बाप-दादा उस क्रांति को कुचलने के लिए अंग्रेजों का साथ दे रहे थे। उस समय भी कैप्टन के बाप-दादा अंग्रेजों को यही कह रहे थे कि नौजवानों को इंकलाब का नारा लगा कर भड़काया जा रहा है। कैप्टन तो पहले से ही क्रांतिकारियों के विरोधी रहे हैं। यदि इंकलाब का नारा देश विरोधी है तो मैं कैप्टन साहब आपको एक प्रश्र पूछता हूं कि 23 मार्च को खटकड़कलां या हुसैनीवाल में भगत सिंह राजगुरु की बरसी जन्मदिन पर बुत पर हार क्यों डालते हैं।
भगवंत मान ने कहा है कि आज भी कैप्टन के महल में इंग्लैंड के राजा-रानियों के बुत लगे हैं। कैप्टन इंकलाबियों के बुतों पर मत जाएं, बल्कि अपने महलों में लगे बुतों पर ही हार डाल लें। यही कारण है कि कैप्टन को लगता है कि इंकलाब का नारा देश विरोधी है। इंकलाब का नारा देश विरोधी नहीं, बल्कि देश के विरोधियों का विरोधी है। कैप्टन साहिब अंग्रेज तो चले गए हैं परंतु काले अंग्रेज अभी यहीं हैं। लूट उसी तरह जारी है। गरीब मर रहा है। नौजवान को रोजगार नहीं मिल रहा है। अंग्रेज चले गए परंतु अंग्रेजों का साथ देने वाले अभी भी यहीं हैं। इस कारण इंकलाब जारी रहेगा।
पंजाब में कांग्रेस के दीये को फूक मारेंगे लोग
भगवंतमान ने कहा है कि कैप्टन तो पहले भी कहते थे कि आम आदमी पार्टी वाले सभी नक्सली हैं। दिल्ली में भी कहते थे कि इनको जंगलों में चला जाना चाहिए। इंकलाब के नारे अन्ना हजारे ने भी लगाए हैं। दिल्ली में भी इंकलाब का नारा लगा है। दिल्ली में कांग्रेस का क्या हाल हुआ है। कांग्रेस का दीया बुझ रहा है। यह दीया पूरे देश से बुझेगा। पंजाब में 2017 में लोग कांग्रेस के दीये को फूक मारेंगे। इंकलाब का नारा इसी तरह जारी रहेगा जब तक इंकलाब नहीं आता है। जब तक आजादी आम लोगों के घरों में नहीं आती है। दिन रात कहते रहेंगे इंकलाब जिंदाबाद।
भगवंत मान के फेसबुक पर डाली गई वीडियो।