जाली वसीयत से जमीन हड़पने वाले 4 पर केस
थानापट्टी पुलिस ने जमीन की जाली वसीयत तैयार कर रजिस्ट्री करवाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। इस मामले में हैरत की बात यह है कि पुलिस ने 1993 में मर चुके एक व्यक्ति को भी आरोपी बनाया है। प्रिथीपाल सिंह निवासी सराली मंडा ने बताया कि उसने अपनी मलकीयत वाली जमीन गांव के ही सुच्चा सिंह के साथ तबदील कर रखी थी। 21 फरवरी 1993 को सुच्चा सिंह की मौत हो गई। इसके बाद 2 मार्च 1993 को सुच्चा सिंह की दो लड़कियों जगबीर कौर निवासी जौड़ सिंह वाला और सुखवंत कौर निवासी दुबली ने गवाह रजिंदर सिंह निवासी सराली मंडा के साथ मिलीभगत कर उक्त 78 कनाल जमीन की जाली वसीयत बनाकर अपने नाम पर रजिस्ट्री करवा ली। घटना की सूचना उसने पुलिस को दी। आनन-फानन में पुलिस ने मृत्क सुच्चा सिंह को भी उसकी दो बेटियों और रजिंदर सिंह के साथ आरोपी बना लिया। ऐसा पहली बार हुआ है कि पुलिस ने मृत्क को भी आरोपी बनाया हो। इधर तरनतारन के एसएसपी एमके शर्मा से बात करने की कोशिश करने की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। मामले की जांच कर रहे एएसआई मुखतियार सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन ही आरोपी हैं। सुच्चा सिंह का नाम क्लेरिकल मिस्टेक के कारण लिखा गया है। जिसका सुधार कर लिया जाएगा।