खडूर साहिब उप-चुनाव आज, पोलिंग बूथों के लिए स्टाफ रवाना
2 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मी किए तैनात : डीसी
भास्करन्यूज| तरनतारन
विधानसभाहलका खडूर साहिब में उप-चुनाव के सभी प्रबंध मुकम्मल कर लिए गए हैं। इसी चलते शुक्रवार को दोपहर के समय सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने स्टेशनों पर रवाना कर दी गई हैं।
यह जानकारी जिला चुनाव अफसर कम डीसी बलविंदर सिंह धालीवाल ने पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने कहा कि खडूर साहिब हलके में कुल 1,87,187 वोटें हैं जिसमें 98,498 पुरुष और 88,681 महिला वोटर हैं। हलके में कुल 133 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसमें 210 पोलिंग बूथों पर वोटें डाली जाएंगी। हलके के 31 पोलिंग स्टेशन अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं जबकि 62 पोलिंग स्टेशन संवेदनशील, 2 नाजुक और 38 नार्मल पोलिंग स्टेशन हैं। 210 पोलिंग बूथों में 57 अति संवेदनशील, 98 संवेदनशील, 2 नाजुक और 53 नार्मल बूथ घोषित किए गए हैं। डीसी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए 2100 के करीब सुरक्षा जवान तैनात किए गए हैं जिसमें 1500 जवान पंजाब पुलिस और 6 पैरामिलिट्री फोर्स की कंपनियां (कुल 2000 से अधिक) सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि समूह हलके को 2 जोन में बांट कर दो उप मंडल मजिस्ट्रेट और उनके साथ दो एसपी रैंक के पुलिस अधिकारी लगाए गए हैं जो चुनाव प्रक्रिया पर पूरी नजर रखेंगे।
डीसी ने कहा कि पोलिंग स्टाफ में 850 कर्मचारी शामिल हैं जिन्हें शुक्रवार को बाद दोपहर खडूर साहिब के काॅलेज से ईवीएम मशीनें और अन्य चुनाव सामग्री देकर पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना कर दिया गया है। इसके अलावा 150 माइक्रो ऑब्जर्वर भी पोलिंग स्टेशनों पर तैनात किए गए हैं।
पोलिंग स्टेशनों के लिए ईवीएम मशीनें लेकर स्टाफ शुक्रवार को रवाना हो गया।