- Hindi News
- लुटेरे पंजाब एंड सिंध बैंक की एटीएम मशीन काटकर लाखों रुपए ले गए
लुटेरे पंजाब एंड सिंध बैंक की एटीएम मशीन काटकर लाखों रुपए ले गए
तरनतारनमें एटीएम मशीनें काट कर पैसे निकालने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस अभी तक तीन महीनों में तीन एटीएम मशीनें उखाड़ कर ले जाने के मामले को सुलझा नहीं पाई कि शनिवार रात को यह वारदात की। लुटेरे गांव गोहलवड़ में बने पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम मशीन को काट कर 4 लाख 90 हजार रुपए की नकदी उड़ा ले गए।
पंजाब एंड सिंध बैंक गोहलवड़ के मैनेजर एसबी थापा ने बताया कि बैंक ने वहां पर एटीएम मशीन लगा रखी थी। रात के समय कुछ लुटेरों ने गैस कटर से मशीन का कैश बाक्स काट कर अंदर से लाखों रुपए चोरी कर लिए। घटना को अंजाम देने से पहले लुटेरों ने सीसीटीवी कैमरों को भी बुरी तरह नष्ट कर दिया। इस घटना का उसे आसपास के दुकानदारों ने फोन कर पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंचे थाना सिटी प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि लुटेरे इससे पहले 30 अगस्त को झब्बाल से स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की एटीएम मशीन उखाड़ कर लाखों रुपए ले गए थे। इसी तरह 1 दिसंबर को लुटेरों ने झब्बाल से ही एक्सिस बैंक के एटीएम मशीन को उखाड़ कर लाखों रुपए चोरी कर लिया था। 4 जनवरी 2015 को लुटेरे गांव सेरों से पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम मशीन को गैस कटर से काट कर चार लाख 36 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए थे। तभी से पुलिस उनकी तलाश में लगी हुई थी। लेकिन उनकी तलाश से पहले ही लुटेरों ने आज चौथी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। एसएसपी एमके शर्मा ने बताया कि पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी हुई है।