खिलाड़ियों के लिए बनेगी नई नौकरी नीति
बुनियादी ढांचे पर सालाना 100 करोड़ खर्चेंगे : सुखबीर
भास्करन्यूज|तरनतारन
सूबेके युवाओं को खेल के जरिए नौकरी में जाने का रास्ता खोलने के लिए सरकार ने तैयारी कर ली है। इसके लिए 16 दिसंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में नई खेल नीति को मंजूरी मिलेगी। यह खुलासा डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने वीरवार को कस्बा चोहला साहिब में पांचवें वर्ल्ड कबड्डी कप मैचों के उद्घाटन पर किया।
सुखबीर ने कहा कि इसका लाभ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा और दूसरे भी इससे प्रेरणा लेंगे। इस नीति के तहत खिलाड़ियों को नौकरी मिलने से पहले 10 साल खेल विभाग में डैपुटेशन पर काम करना होगा। इसमें सवा सौ के करीब खिलाड़ियों को योग्यता के अाधार पर राज्य सरकार नौकरियां देगी। सुखबीर ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य 2016 में ब्राजील में होने वाले ओलंपिक खेलों में पंजाब से अधिक खिलाड़ियों को भेजना है। इसके लिए मोहाली में पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स स्थापित किया जा रहा है। इसमें 11 अलग-अलग खेलों के लिए डायरैक्टोरेट स्थापित किए जा रहे हैं। यहां पर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय खेल मुकाबलों के लिए तैयार किया जाएगा। उनको कोचिंग, डाइट, साइक्लोजिकल ट्रेनिंग आदि मुफ्त मुहैया होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने खेलों के बुनियादी ढांचे के लिए अलग फंड तैयार किया है। इसके तहत 100 करोड़ रुपए सालाना खर्च किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, सीपीएस प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा, हरमीत सिंह संधू, विधायक मनजीत सिंह मन्ना, बलजीत सिंह जलाल उसमां, चेयरमैन जिला योजना कमेटी रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा, डीसी बलविंदर सिंह धालीवाल, एसएसपी एमके शर्मा, एडीसी बख्तावर सिंह, एसडीएम डॉ. अनुप्रीत कौर, तहसीलदार परमानंद, बीजेपी के जिला प्रधान नवरीत सिंह सफीपुर आदि मौजूद थे।
खिलाड़ियों को मोहाली में स्पैशल ट्रेनिंग दी जाएगी। -भास्कर