सिंगल लाइन इलेक्ट्रिफिकेशन का काम मार्च में
राजपुरा-बठिंडावाया पटियाला रेल ट्रैक पर होने वाली इलेक्ट्रिफिकेशन का काम बहुत जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर हाल ही में जीएम एके पुठिया से मीटिंग करके लौटे एमपी डॉ. धर्मवीर गांधी को भी इस बात की जानकारी दी है।
पिछले करीब तीन सालों से लटक रहा इलेक्ट्रिफिकेशन का काम 15-20 दिन में शुरू होने की उम्मीद भी जताई जा रही है। हालांकि इससे पहले डबल लाइन का प्रोजेक्ट मंजूर होने की वजह से इलेक्ट्रिफिकेशन का काम एक बार फिर से लटक गया था। जबकि इलेक्ट्रिफिकेशन के काम को लेकर सभी टेंडर और बाकी औपचारिकताएं पूरी हैं। अब तो देरी सिर्फ काम शुरू होने की है। डबल लाइन के चक्कर में लटर रहे इलेक्ट्रिफिकेशन के काम पर रेलवे बोर्ड ने फैसला ले लिया है।
गौरतलब है कि 2012 में राजपुरा-बठिंडा रेल ट्रैक की इलेक्ट्रिफिकेशन का काम मंजूर हुआ था। पर तीन साल तक इसे लेकर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। तीन साल के बाद 2015 सितंबर में इसे शुरू करने के निर्देश जारी हुए थे। पर इसी साल में डबल लाइन प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई। चूंकि ये प्रोजेक्ट भी काफी बड़ा है तो अथॉरिटी का ध्यान इस तरफ चला गया और उन्होंने इलेक्ट्रिफिकेशन के काम को डबल लाइन के साथ या बाद में करने की बात कही। इलेक्ट्रिफिकेशन के काम को लेकर टेंडर वगैरह भी निकाले गए थे और इस पर सारी प्लानिंग हो चुकी थी। जिसे मंजूरी मिल गई।
इसे लेकर एमपी डॉ. धर्मवीर गांधी ने बताया कि जीएम एके पुठिया से इस बारे में सारी बात हुई है कि इलेक्ट्रिफिकेशन का काम फिर से लेट हो रहा है। अगर ये पहले हो जाता है तो डबल लाइन से पहले ही पटियाला को नई ट्रेन मिल सकती हैं। इस पर पुठिया का कहना था कि बोर्ड ने फैसला ले लिया है।
रेलवे विकास निगम लिमिटेड ही सिंगल लाइन की इलेक्ट्रिफिकेशन, जिसके टेंडर हो चुके हैं, पहले कंपलीट करेगा। उसके बाद डबल लाइन का काम जब शुरू होगा तो दूसरी लाइन की इलेक्ट्रिफिकेशन के लिए नए टेंडर निकाले जाएंगे। डबल लाइन और दूसरी लाइन की इलेक्ट्रिफिकेशन दोनों ही काम साथ-साथ होंगे।