ड्रग लाइसेंस फीस बढ़ोतरी का विरोध
होलसेलकैमिस्ट एसोसिएशन ने ड्रग लाइसेंस फीस को तीन हजार रुपए से बढ़ाकर 30 हजार रुपए करने के केंद्र सरकार के फैसले का विरोध किया है। एसोसिएशन ने इस फैसले की समीक्षा करते हुए इस रद्द करने की मांग की है।
एसोसिएशन के प्रधान रमेश सिंगला और जनरल सेक्रेटरी सुनील आहुजा ने कहा कि साल 2005 में ड्रग लाइसेंस फीस को 200 रुपए से बढ़ाकर तीन हजार रुपए कर दी थी। यह बढ़ोतरी पांच साल के लिए की गई थी। अब सरकार ने लाइसेंस फीस में फिर से बढ़ोतरी करते हुए इसे तीन से बढ़ाकर 30 हजार रुपए कर दी है। रमेश सिंगला और सुनील आहुजा ने कहा कि केंद्र सरकार के ऐसे फैसलों से लगता है कि अच्छे के बजाए बुरे दिन रहे हैं। कैमिस्टों में से सिर्फ 10 से 15 फीसदी कैमिस्ट ही ऐसे हैं, जिनका कारोबार अच्छा चलता है। बाकी कैमिस्ट तो गुजारे लायक ही कमा पाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में जो छोटी कैमिस्ट शॉप्स चल रही हैं, लाइसेंस फीस में ऐसी बढ़ोतरी होने पर बंद होने के कगार पर पहुंच जाएंगी। ऐसा होने पर निश्चित तौर पर ग्रामीण इलाकों में दवाएं मिलने में दिक्कत होगी। सिंगला और आहुजा ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से विदेश कंपनियों को भी कैमिस्ट मार्केट में घुसपैठ करने का मौका मिलेगा।