सुविधा सेंटर में फार्म फ्री करने का मामला लटका
बलविंदर सिंह कालड़ा। पटियाला
मिनीसेक्रेटेरिएट स्थित सुविधा सेंटर में फार्म फ्री करने का मामला लटक गया है। पिछले करीब दो महीने से चर्चा थी कि जिला प्रशासन सुविधा सेंटर में मिलने वाले फार्म फ्री करने जा रहा है। हालांकि पूर्व डीसी वरूण रूजम ने सरकार के इस फैसले को जल्द लागू करने की बात कही थी। पर डीसी के तबादले के बाद भी इसे लागू नहीं किया गया है। फैसला क्यों लागू नहींं किया गया, इसके बारे में प्रशासनिक अधिकारी ही जानते हैं।
नोटिफिकेशनसरकार के पास, पर नहीं हुआ लागू
बतादें कि मिनी सेक्रेटेरिएट स्थित सुविधा सेंटर में फार्म फ्री करने के मामले पर सरकार का नोटिफिकेशन जिला प्रशासन के पास पहुंच चुका है। पर यह नोटिफिकेशन फाइलों में दबकर रह गया है।
सूत्र की मानें तो सुविधा में फार्म का स्टॉक काफी पड़ा है। लेकिन इस स्टॉक को निकालने केे लिए प्रशासनिक अधिकारी सरकार के फैसले को लागू नहीं कर रहे हैं। हालांकि राज्य के अलग-अलग जिला के सुविधा सेंटर में फार्म फ्री हो चुके हैं। पर यहां नोटिफिकेशन आए करीब एक महीना हो चुका है, जिसको अधिकारी लागू करने को तैयार नहीं है।
इस समय सुविधा सेंटर में सबसे ज्यादा महंगा फार्म 1200 रुपए में असलहा लाइसेंस के लिए मिल रहा है। जोकि पहले 30 रुपए के करीब मिलता था। वहीं, दूसरी और मैरिज रजिस्ट्रेशन करवाने का फार्म भी मौजूदा समय में 500 रुपए में मिल रहा है। यह फार्म भी पहले करीब 28 रुपए में मिलता था। फार्म फ्री करने से आम जनता को काफी राहत मिलेगी। अब देखना है कि यह फार्म फ्री करने का सरकारी फरमान प्रशासनिक अधिकारी कब लागू करते हैं।
^जब मामले के बारे में सहायक कमिश्नर डाॅ. सिमरप्रीत कौर से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि नोटिफिकेशन के बारे में उन्हें जानकारी है। लेकिन अभी इसे लेकर कुछ दस्तावेज पूरे करने थे, इसी कारण नोटिफिकेशन को लागू नहीं किया जा सका है। लेकिन अब अगले दो-तीन दिन में इस सुविधा को लागू कर दिया जाएगा।
सहायक कमिश्नर डाॅ. सिमरप्रीत कौर।