- Hindi News
- चार दुकानों के ताले तोड़कर कैश और सामान ले गए चोर
चार दुकानों के ताले तोड़कर कैश और सामान ले गए चोर
समाना। समाना-पटियालारोड पर गांव अजीमगढ़ में चोरों ने तीन मार्बल और एक हार्डवेयर की दुकान के ताले तोड़कर कैश और कीमती सामान चुरा लिया। अजीमगढ़ हरियाणा का गांव है और इसका कुछ हिस्सा समाना में पड़ता है। यह वारदात समाना में पड़ते इलाके में हुई। चोर मंगलवार की रात इन दुकानों की छतों पर चढ़कर सीढ़ियों पर लगे गेट के ताले तोड़कर अंदर घुसे और वहां गल्ले में रखे कैश और अन्य कीमती सामान ले गए। जिंदल प्लाई एंड पेंट स्टोर के मालिक हनी जिंदल, हरियाणा मार्बल के मालिक केशव जिंदल तिरुपति बालाजी मार्बल के मालिक यश गर्ग ने बताया कि सुबह रोजाना की तरह जैसे ही उन्होंने अपनी अपनी दुकानों के शट्टर खोले तो दुकान के भीतर का सारा सामान बिखरा हुआ पाया। दुकान के गुलक के बॉक्स कांउटर पर पडे़ हुए थे। हनी जिंदल ने बताया कि उसकी दुकान में आठ हजार रुपए रखे हुए थे। यश गर्ग ने छह सात हजार रू गुलक में पडे़ होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एक दुकान में चोर छत में लगी फाइबर को तोड़कर दुकान के अंदर घुसे, जबकि साथ लगती दूसरी दुकान में सीढ़ियों में लगे लोहे के गेट के ताले तोड़कर। उन्होंने बताया कि ताले लोहे की मोटी रॉड के साथ तोडे़ गए प्रतीत होते हैं, क्योंकि लोहे की रॉड चोर वहीं पर छोड़ गए। अन्य दो दुकानों में कैश नहीं था। भारी भरकम सामान होने के कारण वहां कोई कीमती सामान हाथ नहीं लग सका। वहां सारा सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।