छापेमारी से गुस्साए व्यापारी कमिश्नर से मिले
पटियाला | शहरके अलग-अलग दुकानों पर हुई इनकम टैक्स की छापेमारी से नाराज व्यापारियों ने शुक्रवार को प्रिंसिपल कमिश्नर जगतार सिंह को मिलकर अपना एक ज्ञापन सौंपा। पटियाला व्यापार बचाओ संघर्ष कमेटी के प्रधान राकेश गुप्ता और आम आदमी पार्टी के व्यापार ट्रेड के कनवीनर कुंदन गोगिया के साझे नेतृत्व में व्यापारियों ने कमिश्नर से कहा कि जब व्यापारी सब तरह के टैक्स अदा करते हैं तो इस तरह सर्वे के नाम पर उनमें दहशत फैलाना ठीक नहीं है। चूंकि पहले ही व्यापार बेहद बुरे दौर से गुजर रहा है। ऐसे में छापेमारी व्यापारियों का मनोबल नीचा करती है। कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि यह रूटीन सर्वे था और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का व्यापारियों को तंग परेशान करने का कोई इरादा नहीं है।
इससे पहले व्यापारियों ने राकेश गुप्ता के राजपुरा रोड स्थित ऑफिस में मीटिंग करते हुए फैसला लिया कि अगर सरकार ने व्यापारियों को तंग करना बंद किया तो व्यापारी शहर बंद की कॉल देंगे। इस मौके पर राकेश गुप्ता, सत्य प्रकाश भारद्वाज, राजेश कुमार गर्ग, भगवान दास चावला, एसपी गोयल, संजीव जैन, अतुल जोशी, राजीव मित्तल, हंस राज धीमान मौजूद रहे।