लोग परेशान, निगम फिर भी नहीं कर रहा कार्रवाई
सफाबादीगेट मार्केट एसोसिएशन के दुकानदारों ने शुक्रवार को मीटिंग की। जिसमें कहा गया कि निगम की ओर से मार्केट और आसपास के इलाकों में सफाई का कोई प्रबंध नहीं है। सफाई कर्मी आकर केवल खानापूर्ति कर जाते हैं। जबकि नालियों में गंदगी भरी पड़ी है। इतना ही नहीं इलाके से निकलने वाले नाले की तो निगम की ओर से कभी सफाई कराई ही नहीं गई।
मार्केट के प्रधान कुलविंदर सिंह लवली ने बताया के सफाबादी गेट मार्केट के लोग सफाई को लेकर परेशान हैं। बताया कि मार्केट के चौक में चारे की दुकानों के बाहर आवारा पशुओं के मामले को लेकर भी निगम ने कोई हल नहीं निकाला है। उन्होंने बताया कि मार्केट के चौक में चारे की दुकानों के कारण आवारा पशु वहां दिन रात मौजूद रहते हैं। आवारा पशुओं के गोबर से स्लिप होने के कारण दौलत राम का कूल्हा टूट गया है।
यह तो महज बानगी है, ऐसे जाने कितने लोग रोजाना गिरकर घायल हो रहे हैं। बताते हैं कि तमाम बार इसकी शिकायत निगम से की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, मार्केट के साथ लगते अरोड़ा वाला मोहल्ले में आवारा कुत्तों का आतंक है। इसे लेकर जल्द ही नए निगम कमिश्नर को अपना मांग पत्र देंगे। इस मौके पर महेश हसीजा, दपिंदरपाल सिंह, मोहित शर्मा, प्रवीन कुमार, दविंदर कुमार, राम कुमार, इसर चंद, राजिंदर, तरलोक सिंह, सतनाम हसीजा समेत तमाम लोग मौजूद थे।