- Hindi News
- अकादमिक एक्सचेंज प्रोग्राम को वीजा सिस्टम आसान करेंगे: हैदरी
अकादमिक एक्सचेंज प्रोग्राम को वीजा सिस्टम आसान करेंगे: हैदरी
पटियाला| अफगानिस्तानमें अकादमिक एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए वीजा सिस्टम को आसान किया जाएगा। अफगानिस्तान की काबुल यूनिवर्सिटी और पंजाबी यूनिवर्सिटी में जल्द ही एक करार होगा। इसके तहत दोनों यूनिवर्सिटीज के बीच अकादमिक एक्सचेंज प्रोग्राम कराए जाएंगे। यह जानकारी बातचीत के दौरान अफगानिस्तान के डिप्टी हाई कमिश्नर एम अशरफ हैदरी ने दी।
मंगलवार को पीयू के सूफी सेमिनार में शिरकत करने पहुंचे हैदरी ने कहा कि अफगानिस्तान में गुरु नानक देव जी ने यात्रा की थी और यहां मियां मीर ने श्री हरिमंदिर साहिब का नींव पत्थर रखा था। ऐसे में दो धर्मों के आपसी प्रेम और एकता की मिसाल की कई उदाहरण हैं। इन पर काफी रिसर्च होनी बाकी है और इस रिसर्च प्रोग्राम के तहत पीयू और काबुल यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स और टीचर्स एकदूसरे की यूनिवर्सिटीज में रिसर्च के लिए जाएंगे। वीजा सिस्टम को खोला जाएगा। ताकि स्टूडेंट्स आसानी से जा सकें।
सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान के गुरुद्वारों को पवित्र तरीके से संभाला जा रहा है। फिर भी कोई दिक्कत आती है तो और संभाल के लिए उनसे आकर बात की जाए। उन्होंने बताया कि ये बहुत ही सराहनीय बात है कि पीयू ने सूफीज्म पर रिसर्च के लिए एक सेंटर बनाया है। ऐसा ही कुछ काबुल में भी चाहते हैं। ताकि वहां भी सिखिज्म पर रिसर्च हो सके। अफगानिस्तान में सभी लोकतांत्रिक तरीके से रहना चाहते हैं लेकिन कुछ लोग मुस्लिम धर्म की शिक्षाओं के असली मतलब को गलत तरीके से समझकर जेहाद का नाम दे रहे हैं। ऐसे लोगों को समझना चाहिए कि निर्दोष लोगों को मारकर जेहाद नहीं होता।