एग्रोफूड ग्रेनेज का मुलाजिम ही डकार गया 331 क्विंटल गेहूं
पटियाला | थानासदर समाना के तहत आते गांव बम्मणा में एग्रोफूड ग्रेनेज कॉर्पोरेशन के गोदाम का इंचार्ज ने 331 क्विंटल गेहूं को गायब कर दिया। महकमे ने जब साल 2015-16 के रिकार्ड को चेक किया तो इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
कॉर्पोरेशन के जिला अधिकारी की शिकायत पर आरोपी इंचार्ज इंद्रपाल सिंह निवासी नजदीक चिरंजी आश्रम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महकमे ने इस बारे में एसएसपी को लिखित शिकायत की थी, जिसकी जांच के बाद थाना सदर समाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकद्दमा नंबर 17 दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना इंचार्ज ने बताया कि महकमे ने साल 2015-16 का रिकार्ड चेक किया तो उन्होंने गांव बम्मणा स्थित गोदाम से गेहूं की बोरियां कम पाई गईं। पड़ताल के दौरान कुल 663 बोरियां कम मिलीं, जिनका वजन 331 क्विंटल के करीब बताया जा रहा है। हालांकि बोरियों के वजन की अभी जांच जारी है। महकमे ने बाकी सालों का रिकार्ड भी कब्जे में लेने के बाद पड़ताल शुरू कर दी है।