पहली दफा पीजी का एंट्रेस टेस्ट ऑनलाइन, 2126 डॉक्टर बैठे
बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी ने शनिवार को पहली बार पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल इंट्रेंस टेस्ट (पीजीएमईटी) ऑनलाइन लिया। मेडिकल डेंटल के पीजी कोर्स एमडी, एसएस, एमडीएस और अल्ट्रासोनोग्राफी की 393 सीटों के लिए 5 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस पीजीएमईटी में 2126 डॉक्टर शामिल हुए। इस टेस्ट के सफल आयोजन के बाद यूनिवर्सिटी ने 15 मई को एमबीबीएस बीडीएस में दाखिले के लिए पीएमईटी भी ऑनलाइन करवाने का फैसला किया है।
यूनिवर्सिटी ने पंजाब के इतिहास में पहली बार कोई एंट्रेंस टेस्ट ऑनलाइन करवाया है। पीजीएमईटी की ऑनलाइन परीक्षा के लिए अमृतसर, पटियाला, जालंधर, फगवाड़ा और मोहाली में केंद्र स्थापित किए थे। सभी परीक्षार्थियों को कंप्यूटर भी उपलब्ध करवाए गए। सेंट्रल सर्वर से जुड़े इन तमाम कंप्यूटरों पर ही परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और परीक्षा खत्म होने के कुछ समय बाद ही नतीजे की घोषणा भी कर दी गई।
एमबीबीएस बीडीएस सीटों की तरह पीजी कोर्स के लिए भी एनआरआई परीक्षार्थियों का अभाव देखने को मिला। एनआरआई कोटे की 25 एमडी एमएस और 16 एमडीएस सीटों के लिए महज 8 डॉक्टरों ने ही परीक्षा दी। इनमें से भी 3 डॉक्टर टेस्ट को क्वालीफाई नहीं कर पाए। उधर राज्य के 7 मेडिकल कॉलेजों में एमडी एमएस की 250 और 16 डेंटल कॉलेजों में एमडीएस की 111 सीटों के लिए क्रमवार 1796 251 डॉक्टरों ने परीक्षा दी जबकि अल्ट्रासोनोग्राफी की 32 सीटों के लिए 71 परीक्षार्थी शामिल हुए। वीसी के अनुसार पहली बार ऑनलाइन परीक्षा की वजह से पीजीएमईटी में दो प्रश्नों को लेकर कुछ तकनीकी खामियां गई थीं जिसके लिए सभी परीक्षार्थियों को बराबर के अंक दिए गए हैं।