चार्जशीट-शिकायत पर एक्शन, सीवरेज बोर्ड के 9 अफसर रिवर्ट
पंजाबसीवरेज बोर्ड ने लंबे समय से पेंडिंग चार्जशीट और शिकायत पर एक्शन लेते हुए 9 अफसरों को रिवर्ट कर दिया है। एक्सईएन का चार्ज संभाल रहे चार सब डिविजनल इंजीनियर (एसडीई) और एसडीओ का चार्ज संभाल रहे पांच असिस्टेंट इंजीनियरों (एई) पर ये कार्रवाई हुई है।
करंट ड्यूटी चार्ज (सीडीसी) के तहत चार एसडीई को एक्सईएन और पांच असिस्टेंट इंजीनियरों को एसडीओ पोस्ट पर प्रमोट किया गया था। एसडीई सतनाम सिंह, सुरिंदर कुमार रंगा, गुरविंदर पाल सिंह और अमनदीप सिंह एक्सईएन पोस्ट पर ड्यूटी निभा रहे थे।
वहीं एसई गुरतेज सिंह, आरके मक्कड़, एसके महाजन, बलजीत सिंह और जगवीर सिंह एसडीओ की। इनको प्रमोट होने पर कोई सेलरी बेनेफिट नहीं मिल रहा था। इन सभी पर पहले से कुछ मामलों में डिपार्टमेंटल चार्जशीट जारी हुई थी। जो कि कई साल से पेंडिंग थी। चार्जशीट को लेकर डिपार्टमेंट से कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। अब चार्जशीट्स को रिवर्ट करने के लिए अहम सबूत बनाया गया है।
प्रभावित होने वाले अफसरों का कहना है कि 34 साल की सर्विस के बाद इस तरह की कार्रवाई उनके साथ धक्का है। उनकी एक या दो साल की सर्विस रह गई है, ऐसे में ये कार्रवाई जायज नहीं है। उनका कहना है कि शिकायत या चार्जशीट का निपटारा एक महीने या दो महीने में कर देना चाहिए। चार-पांच साल तक उस चार्जशीट को लटकाया जा रहा है। 8-8 साल सीडीसी पर प्रमोट होकर ड्यूटी निभाई। 34 साल की सर्विस की। अब जब रिटायरमेंट नजदीक है तो जूनियर मुलाजिमों को प्रमोट करके इन सीटों पर बिठा दिया और इतनी सालों की सर्विस और अनुभव के बावजूद उनको रिवर्ट कर दिया है। रिटायरमेंट के इतने नजदीक आकर वे कोर्ट भी नहीं जा सकते हैं क्योंकि कोर्ट के फैसले भी जल्दी नहीं आते।