( रविवार सुबह चोरी की घटना के बारे में बताते दुकान मालिक।)
पटियाला। थाना कोतवालीके पास बनी दुकानों पर रविवार तड़के अंजान लोगों ने तीन दुकानों के ताले तोड़ दिए। दो दुकानों से उन्होंने करीब 1.20 लाख का कैश चोरी कर लिया। पुलिस की मुस्तैदी को धता बताते हुए चारों ने थाने से चंद कदम की दूरी पर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बारे में रविवार सुबह दस बजे पता चला, जब दुकान में काम करने वाला स्टाफ पहुंचा। जेके कलेक्शन प्रिंस गारमेंट्स की दुकानों से करीब 1.20 लाख का कैश चोरी हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, अभी तक कोई सुराग नहीं लगा।
कोतवाली पुलिस ने दुकान मालिकों की शिकायत दर्जकर जांच शुरू कर दी है। थाना कोतवाली इंचार्ज जसविंदर सिंह टिवाणा ने कहा कि 3 दुकानों के ताले टूटे हैं, चोरी नहीं हुई है। एक दुकान मालिक ने लिखित शिकायत दी है। फिलहाल वह अन्य दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेककर सुराग लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
यह हुई है वारदात : किला चौक स्थित जेके कलेक्शन दुकान मालिक गुरप्रीत सिंह के अनुसार वह शनिवार को दुकान बंद करके गए थे। सुबह जब दुकान पर स्टाफ आया तो उन्होंने बताया कि ताले टूटे हैं। प्रिंस गारमेंट्स और गुरुकृपा खालसा जनरल स्टोर जंड गली के मालिकों को उनके पड़ोसियों ने बताया। प्रिंस गारमेंट्स दुकान पर करीब 1.10 लाख रुपए कैश था, जो किसी की पेमेंट देने के लिए दुकान मालिक में रात को वहीं पर रख दिया था। जेके कलेक्शन वाले की दुकान पर करीब दस हजार रुपए कैश था।
दुकान मालिकों के अनुसार सुबह करीब साढ़े पांच बजे तक चौकीदार डयूटी पर था, जिस वजह से ऐसा लग रहा है कि वारदात इसके बाद हुई है। बारिश होने के कारण लोगों की चहल-पहल भी कम थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। थाना कोतवाली इंचार्ज जसविंदर सिंह टिवाणा ने कहा कि पुलिस मुलाजिमों की गश्त सख्त है। सुबह साढ़े सात बजे तक स्टाफ डयूटी पर तैनात था। आरोपियों ने बारिश का फायदा उठाकर सुबह के समय वारदात की है। जल्द आरोपियों के बारे में सुराग लगा लेंगे।
सीसीटीवी कैमरे में सुराग तलाशते दुकान मालिक। पुलिस ने कहा कि सुबह हो रही बारिश का चोरों ने फायदा उठाया है।