8 दिनों से पानी नहीं, रोष जताया
आठदिनोंसे पीने के पानी के लिए तरस रहे गांव कराला के सैकड़ों लोगों ने बुधवार को चंडीगढ़ पटियाला रोड पर जाम लगाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटा जाम लग जाने से मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ व्हीकल्स की लंबी कतारें लग गई।
कड़ी धूप में जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बलकार सिंह, गुरजीत सिंह, जसविंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, अवतार सिंह, प्रेम सिंह, वरिंदर नीला और दर्शन सिंह ने बताया कि गांव में करीब 400 घर हैं। पिछले आठ दिनों से गांव के एक भी घर में पानी की एक बूंद तक नहीं आई। तेज धूप में लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। गांव की महिलाएं दूर खेतों से ट्यूबवेलों से पानी लाने को मजबूर हैं। गांव की सरपंच जसविंदर कौर ने गांव के लोगों की समस्याओं को समझते हुए कई बार वाटर सप्लाई डिपार्टमेंट से लिखित अपील की मगर डिपार्टमेंट के अफसरों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। परेशान होकर लोगों ने हाइवे जाम कर दिया।
महकमे में फंड कमी फिर भी जल्द पानी मिलेगा
थानाबनूड़ के थानेदार अवतार सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की मगर प्रदर्शनकारी नहीं माने। आखिरकार ट्रैफिक इंचार्ज गुरविंदर सिंह ने लोगों को समझाया और वाटर सप्लाई महकमे के जेई रणजीत सिंह को मौके पर बुलाकर लोगों को शांत करके जाम को खुलवाया। जेई रणजीत ने कहा कि ट्यूबवेल की मोटर छोटी है जोकि सड़ चुकी है। महकमे के पास फंड की कमी होने से नई मोटर का प्रबंध नहीं हो सका। सड़ी हुई मोटर की ही रिपेयर कराई जा रही है। जल्द ही मोटर लाकर पानी चालू कर दिया जाएगा।
गांव कराला के लोग हाइवे जाम कर विरोध प्रदर्शन करते हुए।