- Hindi News
- गुप्ता के शोरूम का कब्जा लेने गई ट्रस्ट की टीम बैरंग लौटी
गुप्ता के शोरूम का कब्जा लेने गई ट्रस्ट की टीम बैरंग लौटी
पटियाला|यहां एसएसटीनगर में व्यापार बचाओ संघर्ष कमेटी के प्रधान राकेश गुप्ता के शोरूम का कब्जा लेने गई इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की टीम को शनिवार को लोकल व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। ऐसे में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की टीम वापिस लौट गई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट स्टाफ जानबूझकर ट्रेडर्स को तंग कर रहा है और इसे सहन नहीं किया जाएगा।
नाराज व्यापारियों को शांत करने के लिए मौके पर एसडीएम गुरपाल सिंह चहल को जाना पड़ा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में नियमों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ने शोरूम का कब्जा लिए जाने की योजना का जैसे ही यहां व्यापारियों को पता चला तो शनिवार सुबह पटियाला पेंट, प्लाई एंड हार्डवेयर एसोसिएशन के साथ साथ बाकी व्यापारी संगठन राजपुरा रोड पर चूना भट्ठी इलाके में इकट्ठे हो गए। गुप्ता ने बताया कि एग्जीक्यूटिव अफसर जीएस सोढ़ी के साथ इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के बाकी स्टाफ की टीम जबरन उनके शोरूम में घुस आयी। उनके शोरूम को नुकसान भी पहुंचा।
गुप्ता ने कहा कि ट्रस्ट स्टाफ उन्हें केस हारने की जानकारी तो दे रहा है लेकिन अभी तक वह कोर्ट ऑर्डर की कॉपी उन्हें दिखा नहीं सका है। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा कब्जा लेने की कार्रवाई को भी गैरकानूनी बताया और कहा कि इस कोर्ट ऑर्डर के खिलाफ हायर कोर्ट में जाने का हक अभी भी उनके पास है। व्यापारियों ने कहा कि ट्रस्ट की ऐसी कार्रवाई की शिकायत लोकल बॉडीज के बड़े अफसरों को कर दी गई है।
इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की कार्रवाई के विरोध में जुटे कारोबारी। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने किसी तरह उनको समझाया।