पटियाला। महिंद्रा कॉलेज के स्टैंड में सोमवार को गुटबाजी के चलते एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया। युवक को राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया। घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे के बाद की है। जख्मी युवक की पहचान लखविंदर सिंह निवासी घड़ाम के रूप में हुई है। उसकी लेफ्ट जांघ में गोली लगी है। गोली किस पिस्टल से चलाई गई है, इसका पता नहीं चल पाया है।
सूचना मिलने के बाद चौकी दो नंबर डिवीजन के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरचरन सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। पर तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। बाद में उन्होंने जख्मी लखविंदर सिंह के अस्पताल में बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
फायर करने वाला युवक एक पुलिस अधिकारी का बेटा बताया जा रहा है, जिसने कॉलेज में गुट बना रखा है। गोलीकांड के आरोप में पुलिस ने आरोपी गगन गिल, संदीप, लाडी, रंजीत, परमिंदर सिंह अमृत संधू सहित 10 अनजान लोगों के खिलाफ धारा 307 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया।
जख्मी लखविंदर ने कहा कि भाई प्रताप सिंह का कुछ दिन पहले एक गुट से झगड़ा हुआ था। भाई की सुरक्षा के लिए रोज कॉलेज छोड़ने आता था। सोमवार को वह भाई को काॅलेज छोड़ने आया था, जहां स्टैंड पर दूसरे गुट के लोग खड़े थे। उन्होंने झगड़ा करना शुरू कर दिया। इस दौरान किसी ने फायर किया जो जांघ पर लगी।
कॉलेज से बाहर हुआ झगड़ा: प्रिंसिपल
महिंद्रा कॉलेज के प्रिंसिपल एसएस थिंद ने कहा कि उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली थी। यह झगड़ा कॉलेज के बाहर हुआ है। काॅलेज में एग्जाम चल रहे हैं, जिस वजह से सैकड़ों स्टूडेंट्स बाहरी कॉलेजों के रहे हैं। इसका फायदा उठाकर आउटसाइडर ने काॅलेज में आकर झगड़ा किया था। अब कॉलेज में कोई भी स्टूडेंट बिना आईडी कार्ड रोल नंबर स्लिप के दाखिल नहीं होगा। चेकिंग में सख्ताई बढ़ा रहे हैं।
(गोली लगने से जख्मी लखविंदर सिंह।)