- Hindi News
- सीके नायडू ट्रॉफी: इंडियन रेलवे 414 पर आउट
सीके नायडू ट्रॉफी: इंडियन रेलवे 414 पर आउट
डीएमडब्ल्यूस्टेडियम में सीके नायडू अंडर 23 क्रिकेट ट्रॉफी के मैच के तीसरे दिन बुधवार को इंडियन रेलवे ने पहली पारी में 414 रन बनाए। पहले दिन हरियाणा के बनाए 321 रन के जवाब में खेलते हुए रेलवे 414 रन बनाकर आल आउट हुई।दूसरी पारी में हरियाणा की टीम 4 विकेट गंवाकर 112 रन पर खेल रही है। ओपनर बैट्समैन गुंताशवीर सिंह 5 चौके और एक छक्का लगाकर 36 रन पर तबरेज खान की गेंद पर नीलकंठ को कैच थमा बैठे। जबकि सुमीत बुधवार को 6 के निजी स्कोर पर तबरेज खान ने सहरावत के हाथों कैच आउट करवाया। नवदीप बूरा 2 चौके और एक छक्का लगाकर 21 रन पर एस ठकरान का शिकार बने। रोहित शर्मा को जीरो पर एस ठकरान ने एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन लौटाया। राहुल डागर 5 चौकों से 28 रन बनाकर और शमशेर यादव 2 चौकों से 21 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। रेलवे के सतिंदर ठकरान ने 28 रन देकर 2 और तबरेज खान ने 63 रन देकर 2 विकेट झटके।
इससे पहले इंडियन रेलवे की टीम ने सुबह 312 से आगे खेलते हुए 414 रन बनाए। इसमें रेलवे के एपी बावा 2 चौके और 1 छक्के से 28 रन बनाकर एसएम पाहल की गेंद पर पवेलियन लौटे। जबकि नीलकंठ 9 चौकों से 57 रन बनाकर नाबाद रहे। बैट्समैन एआर पांडे को 10 रन पर एसएम पाहल ने आउट किया। मोहम्मद इरशान को 7 रन पर आर तेवतिया और तबरेज खान को जीरो पर जे फोगट ने आउट किया।
डीएमडब्ल्यू में चल रहे सीके नायडू ट्रॉफी के लिए मैच के दौरान शॉट लगाता बल्लेबाज।