युवराज के शतक से हरियाणा बैकफुट पर
सिक्सरकिंग के नाम से मशहूर युवराज सिंह(130 रन) ने पटियाला के ध्रुव पांडव स्टेडियम पर शानदार शतक जड़कर साबित कर दिया की उनका क्रिकेट खत्म नहीं हुआ है। युवी ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप-बी में हरियाणा को तीसरे दिन बैकफुट पर धकेल दिया। पहली पारी में दस रन से पिछडऩे के बाद पंजाब ने दूसरी पारी में 6 विकेट पर 330 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की। 321 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 26 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। अब पंजाब की टीम मैच के आखिरी दिन हरियाणा को जल्द से जल्द ऑल आउट करके पहली जीत हासिल करना चाहेगी।
इससे पहले मंगलवार काे पंजाब ने 0/21 रन से आगे खेलना शुरू कर दिया। टीम को पहला झटका 34 रन पर जीवनजोत सिंह(21 रन) के रूप में लगा। इसके बाद मनन वोहरा(33 रन) अमित मिश्रा को अपना विकेट दे बैठे और फिर मनदीप सिंह 14 रन पर वापस लौट गए। पंजाब का स्कोर 94 रन था और उसके तीन विकेट गिर गए थे। अब एक छोर पर अमितोज सिंह थे और दूसरे पर युवराज सिंह। इन दोनों ने टीम को संभाला और चौथे विकेट के लिए 145 रन जोड़कर टीम को खतरे से उबार लिया। अमितोज यहां पर 65 रन बनाकर लौट गए लेकिन युवी का बल्ला खूब बोला।
उन्होंने हरियाणा के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 160 गेंदों पर 130 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। युवी ने इस पारी में 14 चौके और 5 छक्के जड़े। उनके अाउट होते हुए कप्तान हरभजन ने 6/330 रन पर पारी घोषित कर दी। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा को संदीप सिंह ने लगातार तीन झटके दे दिए। संदीप ने मेहमान टीम के दिन का खेल समाप्त होने तक 26 रन पर तीन विकेट झटक लिए।
मैच के दौरान शॉट लगाते युवराज सिंह