पटियाला. गवर्नमेंट गर्ल्स कालेज में फीस भरने के दौरान स्टूडेंट्स को हुई परेशानी और घटिया व्यवहार के चलते मंगलवार को स्टूडेंट्स ने कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्टूडेंट्स को फीस भरने के दौरान लाइन लगाकर धूप में खड़ना पड़ा और कूड़े से भरे मैदान में खड़े रहना पड़ा।
कालेज अधिकारी कमरों में बैठे फीस भरवा रहे थे। इसे लेकर डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन की आगू निकिता ने कहा कि कालेज प्रशासन के इस व्यवहार से परेशान होकर स्टूडेंट्स ने प्रोटेस्ट किया। यहां साफ पता चलता है कि कालेज प्रशासन का लड़कियों के प्रति रवैया बहुत बुरा है। निकिता ने बताया कि इस साल पंजाबी यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड कालेजों में फीस बढ़ा दी गई पर कालेज प्रशासन ने प्रोस्पेक्ट्स में कहीं भी बढ़ी फीसों के बारे में जिक्र नहीं किया। अब दो महीने बाद स्टूडेंट्स से बढ़ी फीसें दो दिन में भरवाने के लिए कहा जा रहा है।
प्रशासन की इस लापरवाही के कारण और सरकार की स्टूडेंट्स विरोधी नीतियों के कारण कुछ स्टूडेंट्स को कालेज छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बीए भाग पहला के स्टूडेंट्स से 6 हजार रुपए फीस भरवाने के बावजूद भी स्टूडेंट्स को बुनियादी सुविधाएं नहीं दी जा रही।
डीएसओ ने 2 सितंबर को स्टूडेंट्स की विभिन्न मांगों पंखे, लाइट्स और सफाई का प्रबंध करने समेत आरओ की सुविधा देने के लिए मांगपत्र दिया था। इसके बाद पंखे और लाइट्स का प्रबंध हो गया पर सफाई और पीने के लिए साफ पानी का कोई प्रबंध नहीं किया गया। अगर यही हाल रहा तो स्टूडेंट्स बड़े लेवल पर संघर्ष करेंगी।