अजमेर। शहर की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक आनासागर झील को अब अजमेर विकास प्राधिकरण ने निखारने का फैसला किया है। झील के सौंदर्यीकरण पर प्राधिकरण लगभग 130 करोड़ रुपए खर्च करेगा। झील में निर्माण नहीं हो, इसके लिए 386 बीघा जमीन अवाप्त की गई है। मुख्यमंत्री 15 दिसंबर को झील के किनारे बनने वाले पौन किलोमीटर पाथ-वे का शुभारंभ करेंगी। आने वाले समय में झील के चारों ओर पाथ-वे का निर्माण करवाया जाएगा।
निर्माण रहित क्षेत्र
झील की खातेदारी भूमि पर अवैध रूप से हो रहे निर्माणों को रोकने के लिए सरकार ने कुछ माह पहले ही झील और पालबीसला तालाब को निर्माण रहित क्षेत्र घोषित किया है। इसके अलावा मास्टर प्लान में भी झील के खाली जमीन को खुला क्षेत्र घोषित किया है, ताकि निर्माण नहीं हो सके।
-प्रदूषण मुक्त होगी आनासागर झील।
-झील के चारों और की भूमि आवाप्त करने का कार्रवाई शुरू।
-सीवरेज प्लांट मार्च 2015 में शुरू होगा।
-रीजनल कॉलेज तिराहे से गाेविंदम तक बनेगा पाथ वे।
386 बीघा भूमि अवाप्त
आनासागर की झील की सुंदरता को बरकरार रखने के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण ने 386 बीघा भूमि अवाप्त की है। प्राधिकरण ने दो चरणों में भूमि अवाप्त की है। प्रथम चरण में झील से सटी 171 बीघा जमीन अवाप्त की है। प्राधिकरण जमीन के एवज में 75 करोड़ 42 लाख 90 हजार 845 रुपए का मुआवजा बांटेगा। इसी प्रकार एडीए ने वेटलैंड के लिए 215 बीघा जमीन अवाप्त की है। इसके लिए एडीए 50 करोड़ 86 लाख 97 हजार 393 रुपए मुआवजा बांटेगा। अवाप्त होने के बाद झील में अवैध निर्माण पर रोक लग जाएगी।
सीवेज प्लांट तैयार
आनासागर झील में आने वाले सीवेज एवं गंदे पानी को साफ करने के लिए सीवेज प्लांट लगाया जा रहा है। इसका कार्य मार्च 2015 तक पूरा होने की संभावना है। प्लांट लगाने पर करीब 13 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा झील के आस-पास के क्षेत्रों के गंदे पानी को रोकने के लिए सीवेज लाइन बिछाई जा रही है।
पाथ-वे बनेगा
रीजनल कॉलेज तिराहे से गोविंदम समारोह स्थल तक पाथ-वे बनाया जाएगा। इस कार्य पर सवा करोड़ रुपए खर्च होंगे। दस माह में कार्य पूरा होने की संभावना है। प्राधिकरण आनासागर झील पर चौपाटी का निर्माण कर चुका है। प्राधिकरण का जमीन का मुआवजा बांटने के बाद पूरी झील के चारों ओर पाथ वे बनाने का विचार है।
'झील की 386 बीघा भूमि आवाप्त करने की कार्यवाही चल रही है। शीघ्र ही खातेदारों को मुआवजा बांट दिया जाएगा। लोगों की सुविधा के लिए पाथ-वे भी बनाया जा रहा है। सीवरेज प्लांट भी शीघ्र शुरू होगा।' - स्नेहलता पंवार, कमिश्नर, एडीए