गुंजन के इलाज के लिए मिली पर्याप्त राशि
बोराजनिवासी हमाली का काम करने वाले जीतेंद्र की तीन वर्षीय पुत्री गुंजन के इलाज के लिए पर्याप्त राशि मिल गई है। गुंजन के परिजनों ने सहयोग करने वाले सहृदय नागरिकों स्वयंसेवी संस्थाओं का आभार जताया है। उसे रविवार को मित्तल अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया जाएगा, जहां मंगलवार को ऑपरेशन किया जाएगा। गुंजन के दिल में छेद है, जिसे आॅपरेशन के जरिए ही बंद किया जा सकता है। इलाज पर करीब 1.60 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसमें से 45 हजार रुपए की सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्राप्त हो जाएगी। पूर्व में एकत्रित सहायता राशि में से करीब 40 हजार रुपए की राशि बची हुई है जो गुंजन के इलाज में काम में आएगी। शेष 75 हजार रुपए की राशि अजमेर के सहृदय नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से जुटा ली गई है।
भास्कर में अपील छपने के पहले ही दिन 60 हजार रुपए की सहायता राशि मिल गई थी। शेष 15 हजार रुपए की तुलना में शनिवार को शेष 20,401 रुपए की सहायता राशि मिली है। प्रभात क्लब दौलत बाग के अध्यक्ष रमाकांत बाल्दी, सचिव अतुल पाटनी, मुरली रियांवाला आदि के सहयोग से गुंजन की सहायता के लिए 5001 रुपए, गुप्त दान 2100 रुपए, चांद बावड़ी निवासी ताराचंद खूबचंदानी ने 2000 रुपए, आशीष गोयल की ओर से 1500 रुपए, कुंदन नगर निवासी आशा भटनागर ने 1100 रुपए, अर्जुनलाल सेठी नगर निवासी सिद्धिका शर्मा ने 1100 रुपए, गुप्त दान 1100 रुपए, 101 एलआईसी कॉलोनी निवासी एमडी दाधीच ने 1000 रुपए, ज्ञान विहार फ्रेंड्स क्लब की ओर से 1000 रुपए, भजनगंज निवासी नरसी सिंह आनंद ने 1000 रुपए, शारदा कपूर ने 1000 रुपए, गुप्त दान 1000 रुपए, संदीप गुट्टी ने 501 रुपए, बलदेव नगर निवासी एक नागरिक ने 500 रुपए गुप्त दान एवं रातीडांग स्थित सत्यम मेडिकल ने 500 रुपए की सहायता दी। शुक्रवार को नया बाजार के राजा की ओर से 1000 रुपए नकद सहायता दी गई थी। भूलवश नया बाजार का राजा की बजाय नया बाजार निवासी एक व्यवसायी प्रकाशित हो गया था। नया बाजार का राजा ने घोषणा की है कि भविष्य में प्रति रोगी 1000 रुपए की नकद सहायता दी जाएगी।
पीड़िता गुंजन।