- Hindi News
- पशुपालन विभाग के फील्ड अधिकारी को मारी तीन गोली
पशुपालन विभाग के फील्ड अधिकारी को मारी तीन गोली
अजमेर. क्रिश्चियनगंजथाना क्षेत्र के मेहबूब की कोठी इलाके में गुरुवार रात करीब ढाई बजे तीन युवकों ने पशुपालन विभाग के फील्ड ऑफिसर महेंद्र सिंह के घर दस्तक देकर दरवाजा खुलवाया और गोली से उस पर चार फायर दाग दिए। रात के सन्नाटे में पूरा इलाका धांय-धांय की आवाज से गूंज उठा। 59 वर्षीय महेंद्र सिंह के सीने और पेट में गोली लगी। खून से लथपथ होकर वह चिल्लाने लगे, इस बीच हमलावर भाग गए। जख्मी हालत में महेंद्र सिंह एक परिचित की बाइक पर पुष्कर रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल पहुंचे, जहां से उन्हें जेएलएन अस्पताल भेज दिया गया। वहां उनका ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।
पुलिस को दिए पर्चा बयान में महेंद्र सिंह ने हमलावरों को पहचानने के इनकार किया है, लेकिन शक के आधार पर पुरानी रंजिश रखने वाले भाजपा पार्षद नीरज जैन सहित दो लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। पुलिस ने पार्षद नीरज जैन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक अन्य संदिग्ध की तलाश में पुलिस दल हरियाणा के नारनौंद भेजा गया है।
एडिशनल एसपी शरद चौधरी के अनुसार पर्चा बयान के आधार पर पार्षद जैन, नारनौंद निवासी सुशील उर्फ भोला को एफआईआर में नामजद कर जांच शुरू की गई है।