- Hindi News
- जेल में हॉट एयर बैलून उतरने के मामले में चार्जशीट दायर
जेल में हॉट एयर बैलून उतरने के मामले में चार्जशीट दायर
पुष्करमेले के दौरान अजमेर सेंट्रल जेल में हाॅट एयर बैलून उतरने के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बैलून पायलट के खिलाफ चार्जशीट पेश कर दी है। मुल्जिम धवल विनय केदार के खिलाफ लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में आईपीसी की धारा 336 के तहत मुकदमा चलेगा।
पुलिस की आेर से पेश चार्जशीट में बताया गया है कि 5 नवंबर को जेल अधीक्षक प्रदीप लखावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट के अनुसार 4 नवंबर को शाम करीब छह बजे स्काई वॉटज कंपनी द्वारा पुष्कर मेले में पर्यटकों को घुमाने वाला हॉट एयर बैलून सेंट्रल जेल के बाहरी परिसर में मुख्य दीवार के पास बिना किसी पूर्व सूचना के उतर गया। इसमें पायलट के अलावा दो विदेशी पर्यटक सवार थे। जिस तरह बैलून को जेल में उतारा गया, वह मानव जीवन को संकट में डालने वाला है। पुलिस ने इस मामले में बैलून पायलट पुणे निवासी धवल विनय केदार को प्रथमदृष्टया दोषी ठहराते हुए चार्जशीट पेश की है।