अजमेर. शातिर चोर जेपी नगर में निर्माणाधीन भवन से निर्माण सामग्री समेट कर ले गए। मकान मालिक नाका मदार पॉवर हाउस निवासी कन्हैयालाल ने बताया कि जेपी नगर स्थित ओंकारनाथ कॉलोनी में उसके निर्माणाधीन मकान से चोरों ने पांच शावर, दो गीजर के मिक्सर सहित अन्य सामान पार कर दिया।
अलवर गेट थाना क्षेत्र में राबड़िया मोहल्ला मायापुरी निवासी 80 वर्षीय प्रताप खंडेलवाल के मकान से मंगलवार रात चोर 1 लाख 30 हजार रुपए नकद और अन्य कीमती सामान पार कर ले गए। घटना के समय प्रताप खंडेलवाल अकेले थे। अलवर गेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
शातिर चोरों ने अजयनगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के निकट के निवासी ख्यालदास पुत्र होतचंद के सूने मकान के ताले तोड़कर सामान खंगाल दिया। चोर करीब 22 हजार रुपए, डेढ़ तोला सोने की अंगूठी सहित अन्य सामान समेटकर ले गए। ख्यालदास अपने परिवार के साथ रामगंज अपने बेटे के घर गए हुए थे।