अजमेर. दोपहियाऔर चारपहिया वाहनों पर लगने वाली हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के मनमाने दाम वसूले जाने के मामले को एसीबी ने गंभीरता से लिया है। एसीबी ने इस मामले में एक तथ्य रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय भेजकर मुकदमा दर्ज करने की स्वीकृति मांगी है।
हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट लगाने में वाहन मालिकों से मनमानी रकम वसूलने को लेकर दैनिक भास्कर ने 4 दिसंबर को 'मंत्री की सख्ती के बाद भी नहीं रुक रहा नंबर प्लेट में वसूली का खेल' शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर बताया था कि किस तरह वाहन मालिकों से दो-तीन गुना ज्यादा रुपए लिए जा रहे हैं।
एेसे हो रही है ज्यादा वसूली : प्लेट लगाने का काम रियल मैजोन कंपनी कर रही है। टू-व्हीलर में आगे-पीछे नंबर प्लेट लगाने के 75 रुपए तय हैं, कंपनी प्लेट में दो ब्रैकेट 150 रुपए के लगा रही है और वाहन मालिक से 250 रुपए वसूले जा रहे हैं। चारपहिया वाहनों में आगे-पीछे नंबर प्लेट के 220 रुपए तय हैं। ग्राहक को बरगलाकर 805 रुपए का कवर प्लेट भी लगा रहे हैं। ऐसे में कीमत 1025 रुपए हो जाती है मगर कई लोगों से 1500 रुपए तक लिए जा रहे हैं।
मनमानी वसूली कर हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट लगाने के मामले में एक तथ्य रिपोर्ट कार्रवाई की अनुमति के लिए मुख्यालय जयपुर भेजी गई। -निर्मल शर्मा, एएसपी,एसीबी
इस मामले में महज चिट्ठी-चिट्ठी का खेल खेला जाता रहा है। वाहन मालिक डीटीओ टीसी मीणा और सुधीर बंसल को शिकायतें करते तो वे उन्हें एआरटीओ ओमप्रकाश मारू और आरटीओ हरीश कुमार शर्मा को भेजते रहे। अपर परिवहन आयुक्त सत्येंद्र कुमार नामा ने पूरे जोन में जांच करवाई। रिपोर्ट परिवहन मुख्यालय भी गई, लेकिन कार्रवाई कुछ भी नहीं हुई।