निजीकरण के विरोध में धरना आज
अजमेर | अजमेरविद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ की ओर से अजमेर और उदयपुर शहर की बिजली व्यवस्था पीपीपी मोड पर देने के विरोध में डिस्कॉम क्षेत्र का धरना एवं प्रदर्शन सोमवार को पंचशील स्थित मुख्यालय पर होगा। अध्यक्ष धर्मू पारवानी ने बताया कि बिजली कंपनियों में निजीकरण के हालात भ्रष्टाचार ठेका प्रथा के कारण हुए हैं। इसके लिए सरकार को पुन: विचार करना चाहिए। कर्मचारी किसी भी सूरत में पीपीपी मोड को स्वीकार नहीं करेंगे। इसके अलावा 7 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन एमडी बी. राणावत को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा। प्रदर्शन में 12 सर्किलों के कर्मचारी भाग लेंगे। कर्मचारियों के आने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो जाएगा।
बदलाशक्ति प्रदर्शन का दावा: पूर्वमें संघ के संयुक्त सचिव विनीत जैन ने दावा किया था कि प्रदर्शन में अजमेर डिस्कॉम क्षेत्र के 5 हजार कर्मचारी शामिल होंगे। अध्यक्ष धर्मू पारवानी ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले कर्मचारियों की संख्या 2 हजार बताई है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को होने वाला प्रदर्शन विद्युत कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन होगा। क्योंकि चरणबद्ध तरीके से हो रहे प्रदर्शन के बाद सोमवार को संघ डिस्कॉम स्तरीय प्रदर्शन करेगा। वहीं इस आंदोलन को लेकर फिलहाल अजमेर विद्युत मजदूर कांग्रेस इंटक और तकनीकी कर्मचारी संघ कागजी आंदोलन कर रहे हैं।