अजमेर। स्वाइन फ्लू के 12 पॉजिटिव मरीज रविवार को और सामने आए। जिले में अब तक 71 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लाल थदानी ने बताया कि पॉजिटिव मरीजों का उपचार सतर्कता के साथ शुरू कर दिया गया है। उनके परिजनों को भी सावधानी बरतने को कहा गया है।
अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को भी मास्क तथा दवाएं दी जा रही है। 17 जनवरी से अब तक चिकित्सा महकमे के आंकड़ों के मुताबिक 96 मामलों में से 71 लोगों की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई है। इनमें से 19 लोगों की मौत हो चुकी है।
बदलता मौसम नुकसानदेह
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लाल थदानी ने बताया कि बदलता मौसम भी लोगों के लिए नुकसानदेह है। धूप तेज होने पर गर्म कपड़े उतार देने तथा अचानक सर्दी बढ़ जाने से भी स्वाइन फ्लू होने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा बुजुर्ग व्यक्ति जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम है, उन्हें भी स्वाइन फ्लू होने की संभावना रहती है। फेफड़े संबंधी पुराने रोगियों को भी खासतौर पर सतर्कता बरतनी चाहिए।
श्रीनगर में सर्वे के बाद बांट रहे टेमीफ्लू दवा
कस्बे में एक स्वाइन फ्लू पॉजिटिव महिला सामने आई है। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि श्रीनगर निवासी महिला की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई है। सभी जगहों पर सर्वे कराकर दवाइयां बांटी जा रही है। कस्बे में स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए औषधालय में ढाई हजार लोगों को काढ़ा वितरित किया गया। सरकारी व निजी विद्यालयों भी बच्चों को स्कूलों में काढ़ा पिलाया गया।