न्यूज यू कैन यूज
सेट के 10 विषयों की अंतिम संशोधित आंसर की जारी
2
अजमेर| राजस्थानलोक सेवा आयोग ने राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2013 के विभिन्न विषयों की उत्तर कुंजियों पर मिली आपत्तियों की जांच के बाद अंतिम संशोधित आंसर-की जारी करने का सिलसिला शुरू कर दिया है। आयोग ने गुरुवार को 10 विषयों की अंतिम संशोधित उत्तर कुंजी जारी की। उपसचिव ईश्वरी दत्त शर्मा के अनुसार आयोग ने इस साल 27 जुलाई को राज्य पात्रता परीक्षा-2013 का आयोजन किया था। इस परीक्षा के समाजशास्त्र, अंग्रेजी, एजुकेशन, राजस्थानी, मनोविज्ञान, उर्दू, फिजिकल एजुकेशन, संस्कृत, गृह विज्ञान के पेपर सैकंड थर्ड की उत्तर कुंजियां आयोग की वेबसाइट पर क्रमश: 20, 21, 22, 25, 26 और 27 अगस्त को जारी कर आपत्तियां आमंत्रित की गई थी। इन विषयों में अभ्यर्थियों से प्राप्त आपत्तियों की जांच आयोग द्वारा विषय विशेषज्ञों से करवा कर अंतिम संशोधित उत्तर कुंजियां आयोग की वेबसाइट पर गुरुवार को जारी कर दी गई। यदि किसी अभ्यर्थी को अब भी कोई आपत्ति हो तो 23 सितंबर तक आपत्ति दे सकेंगे।
निर्धारित प्रपत्र पर प्रस्तुत करें आपत्ति
शर्माके अनुसार अभ्यर्थी आपत्ति के साथ दो प्रामाणिक पुस्तकों के प्रमाण प्रस्तुत करें। आपत्ति आवश्यक रूप से निर्धारित प्रपत्र पर प्रस्तुत की जाए। पूर्व में प्राप्त आपत्तियों के अलावा नई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। निर्धारित प्रपत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रत्येक प्रश्न-पत्र के लिए अलग-अलग आपत्ति प्रपत्र में प्रस्तुत की जाए। आपत्तियों के साथ दो प्रामाणिक पुस्तकों के प्रमाण संलग्न नहीं होने, निर्धारित प्रपत्र पर नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।