अजमेर. अलवर गेट थाना पुलिस दल ने गुरुवार रात नगरा इलाके में दबिश देकर छह सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया। नगरा इलाके में खुलेआम जनता वर्ली और सट्टा-जुआ की फड़ संचालित होने की कई शिकायतें पुलिस को मिली थीं गिरफ्तार आरोपियों में सट्टे का कारोबार करने वाला धर्मू भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब साढ़े सात हजार रुपए बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार नगरा स्थित रोकड़िया हनुमान मंदिर के पीछे खुले आम जनता वर्ली और जुए की फड़ पर हजारों रुपए का दांव लगा रहे सटोरियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया। मुख्य सटोरिया धर्मेन्द्र उर्फ धर्मू, सुनील, कुंदन, बाबू और नवल को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के कब्जे से जुए की राशि और सट्टे के हिसाब के कागजात बरामद किए हैं। थाना प्रभारी विक्रम सिंह भाटी ने बताया कि लंबे समय से इलाके में सट्टे का कारोबार होने की शिकायत मिल रही थी।
पुलिस का खौफ नहीं
सटोरियों को पुलिस और कानून का खौफ नहीं है, यही कारण है कि सट्टे के ठिकानों पर पुलिस की दबिश के कुछ ही समय बाद ठिकाना फिर आबाद हो जाता है। पकड़े गए सटोरिए एक घंटे के भीतर ही थाने से जमानत पर छूट कर फिर ठिकानों पर दिखाई देने लगते हैं।
पुलिस सटोरियों के खिलाफ 13 आरपीजीओ एक्ट में कार्रवाई करती है। इस धारा में थाने पर ही जमानत का प्रावधान है। कोर्ट में भी ज्यादातर आरोपियों को आर्थिक दंड दिया जाता है।
शहर में कई जगह सटोरियों के ठिकाने
सट्टा,जुआ और जनता वर्ली के ठिकाने शहर में दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर आबाद हैं। रामगंज थाना क्षेत्र में भगवान गंज चौराहा, सांसी बस्ती, गौतम नगर, क्लाक टावर थाना क्षेत्र में ईदगाह सब्जी मंडी, गोल चक्कर, उसरी गेट पुलिस चौकी के निकट, दरगाह थाना इलाके में धान मंडी, अंदरकोट, नला बाजार, पीर रोड इलाके में सटोरियों के अड्डे आबाद हैं।
लोगों की शिकायत है कि संबंधित थाना पुलिस की मिलीभगत के बगैर यह कारोबार संचालित नहीं हो सकता। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत पर कार्रवाई की जाती है।